Jabalpur News: कचरे के हर घर से उठाव और निपटान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर ने दिया निर्देश

डिजिटल डेस्क,रीवा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार जिला स्तर पर स्वच्छता निगरानी के लिए गठित सुप्रीम कोर्ट मानीटरिंग कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि रीवा नगर निगम तथा जिले के अन्य नगरीय निकाय हर दिन हर घर से कचरे का संग्रहण करें। घरों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करके कचरा वाहन के माध्यम से पहड़िया प्लांट भेजें। किसी भी नगरीय निकाय में कचरा डंप न रहे।
कचरे के उठाव और निपटान में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त नगर निगम रीवा शहर के वार्डों में कचरे के उठाव की निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाएं। इनकी रिपोर्ट के आधार पर कचरा उठाने वाली कंपनी को भुगतान करें। आयुक्त नगर निगम नगरीय निकायों से पहड़िया प्लांट को भेजे जाने वाले कचरे की मानीटरिंग करें।
सड़क अथवा अन्य खुले स्थानों पर कचरा फेकने वालों पर जुर्माना लगाएं तथा जुर्माने की राशि से डस्टबिन खरीदकर दें। संभाग के नगरीय निकायों के अलावा अन्य किसी भी नगरीय निकाय अथवा राज्य से यदि प्लांट में कचरा लाया जाता है तो वाहन को जप्त कराएं।
जिला परिवहन अधिकारी अन्य राज्यों से कचरा लेकर आने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई करें। बैठक में आयुक्त नगर निगम ने बताया कि स्वच्छता से संबंधित कार्यों की जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड की जा रही है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जिला स्तरीय समिति की नियमित बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर सुधीर बेक, उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, अन्य संबंधित अधिकारी एवं रेमकी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Created On :  
