Rewa News: टीआरएस कॉलेज के मैदान में राज्य स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज

टीआरएस कॉलेज के मैदान में राज्य स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज
प्रतियोगिता में अलग-अलग संभागों की टीमों के बीच मुकाबलों ने खेल का रोमांच बढ़ा दिया है।

डिजिटल डेस्क,रीवा। टीआरएस कॉलेज का मैदान सोमवार को कबड्डी के रोमांच, दमखम और संघर्ष का गवाह बना। उच्च शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 संभागों की टीमें खिताबी जंग के लिए मैदान में उतर चुकी हैं। पहले ही दिन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मेजबान रीवा ने शहडोल को शिकस्त देकर अपने अभियान की दमदार शुरुआत की। वहीं जबलपुर, गुना, शहडोल और खरगोन की टीमों ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर की उम्मीदें मजबूत कीं।

प्रतियोगिता में अलग-अलग संभागों की टीमों के बीच मुकाबलों ने खेल का रोमांच बढ़ा दिया है। शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित प्रतियोगिता में सागर, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, गुना, जबलपुर, भोपाल, इंदौर, छतरपुर, शहडोल, खरगोन, उज्जैन और रीवा संभाग की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विकासखंड अधिकारी श्रीलोक कुमार ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. नागेश त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विभा श्रीवास्तव, क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. अमित तिवारी एवं संगठन सचिव डॉ. सत्येंद्र सिंह उपस्थित रहे।

इन टीमों ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले मैच में जबलपुर ने सागर को 41-19 के बड़े अंतर से हराया। दूसरे मुकाबले में गुना ने मंडला को 43-37 से पराजित किया। तीसरे मैच में शहडोल ने छतरपुर को 56-50 से शिकस्त दी। चौथे मुकाबले में खरगोन ने ग्वालियर को 36-30 से हराकर जीत हासिल की।

इसके बाद छिंदवाड़ा की टीम ने भी मुकाबला अपने नाम किया। मेजबान रीवा ने शहडोल को हराकर स्थानीय दर्शकों को जीत का तोहफा दिया। वहीं उज्जैन और जबलपुर के बीच हुए मुकाबले में जबलपुर की टीम विजेता रही। कार्यक्रम में डॉ. रामरूपण मिश्रा, क्रीड़ा अधिकारी हबीब खान, डॉ. राजेश भारती, डॉ. विजय सिंह, राहुल शर्मा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Created On :  

Next Story