Rewa news: 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
लंबे समय से फरार आरोपी पुलिस गिरफ्त में

डिजिटल न्यूज़ रीवा, मनगवा

रीवा जिले की मनगवां पुलिस ने डकैती, एनडीपीएस एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे अन्य आपराधिक गतिविधियों और उसके नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संदीप मिश्रा तथा एसडीओपी मनगवां प्रतिभा शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने लगातार प्रयासों के बाद 19 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र सिंह उर्फ राका (21) पिता रामपाल सिंह, निवासी ग्राम बेलवा पैकान, थाना मनगवां, जिला रीवा है। वह थाना मनगवां में दर्ज तीन अलग-अलग गंभीर प्रकरणों में घटना के समय से ही फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट, डकैती तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज हैं।

आरोपी की लगातार फरारी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। काफी समय तक तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Created On :   20 July 2026 4:36 PM IST

Tags

Next Story