Rewa News: रीवा आरटीओ में कलेक्टर का 'क्लीन-अप' ऑपरेशन

औचक निरीक्षण में वर्षों से जमी अव्यवस्था उजागर, अनधिकृत लोगों को फटकार लगाकर परिसर से बाहर कराया, पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर पार्किंग के दिए निर्देश

डिजिटल डेस्क,रीवा। रीवा के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में वर्षों से जड़ जमा चुकी अव्यवस्थाओं, दलाली और अनधिकृत गतिविधियों पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने सोमवार को आरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण कर परिसर में सक्रिय अनधिकृत वेंडरों और बाहरी लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनधिकृत व्यक्तियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल परिसर से बाहर कराया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी दलाल या अनधिकृत व्यक्ति की मौजूदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आरटीओ परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर आम नागरिकों की सुविधा के लिए है, न कि अनधिकृत गतिविधियों का केंद्र बनने के लिए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आरटीओ कार्यालय में लंबे समय से दलाली, अवैध वसूली, आम नागरिकों से अभद्र व्यवहार और महिलाओं के साथ अशोभनीय आचरण की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने बिना पूर्व सूचना के कार्यालय पहुंचकर मौके पर ही स्थिति का निरीक्षण किया और कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरटीओ परिसर में प्रवेश व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रित किया जाए, केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश मिले तथा आम लोगों को पारदर्शी, सुरक्षित और दलाल-मुक्त माहौल में सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि ऐसी शिकायतें दोबारा सामने आती हैं तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

आरटीओ आशुतोष सिंह भदौरिया ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशों का तत्काल पालन शुरू कर दिया गया है। परिसर में अनधिकृत लोगों की आवाजाही रोकने, व्यवस्था सुदृढ़ करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

कलेक्टर की इस सख्त कार्रवाई के बाद आम लोगों में उम्मीद जगी है कि रीवा आरटीओ कार्यालय अब दलाली और अव्यवस्था की छवि से बाहर निकलकर पारदर्शी और जनहितैषी व्यवस्था की ओर बढ़ेगा। हालांकि यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह कार्रवाई स्थायी बदलाव में कितनी सफल साबित होती है।

Created On :   21 July 2026 6:12 PM IST

Tags

Next Story