रीवा न्यूज: नशे से दूरी है जरूरी' अभियान: मनगवां थाना परिसर में हुई रस्साकशी प्रतियोगिता

नशे से दूरी है जरूरी अभियान: मनगवां थाना परिसर में हुई रस्साकशी प्रतियोगिता
छात्रों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प,आईजी डॉ. गौरव राजपूत एवं एसपी गुरकरन सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम, विजेताओं को किया गया सम्मानित

डिजिटल न्यूज रीवा | मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी" जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को मनगवां थाना परिसर में संदीपनी सीएम राइज विद्यालय, मनगवां के छात्र-छात्राओं के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रीवा आईजी डॉ. गौरव राजपूत एवं पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को मनगवां एसडीओपी प्रतिभा शर्मा एवं थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में थाना मनगवां का समस्त पुलिस बल भी उपस्थित रहा।

इस अवसर पर एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही सशक्त समाज तथा विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

वहीं, थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के खिलाफ जन-अभियान का हिस्सा बनने और अपने परिवार व समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों ने "नशे से दूरी है जरूरी" का सामूहिक संकल्प लिया और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल, शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकता है।


Created On :   21 July 2026 6:55 PM IST

Tags

Next Story