Rewa News: गांजा तस्करी के कुख्यात संजय पटेल से खुलेगा तस्करी नेटवर्क का राज

डिजिटल डेस्क,रीवा। कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा को उड़ीसा पुलिस की अभिरक्षा से गोलीबारी कर छुड़ाने के मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे गांजा तस्कर संजय पटेल को मनगवां पुलिस ने न्यायालय से एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। संजय पटेल की गिरफ्तारी पूर्व में सीधी पुलिस द्वारा प्रयागराज से की गई थी। इसके बाद मनगवां थाना पुलिस ने उसे अपने यहां दर्ज एनडीपीएस एक्ट के अलग-अलग मामलों में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार संजय पटेल के खिलाफ मनगवां थाने में पहले से ही गांजा तस्करी से संबंधित दो से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में वह लंबे समय से फरार बताया जा रहा था। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने पर अब मनगवां पुलिस उससे गांजा तस्करी के नेटवर्क, पूर्व के प्रकरणों तथा अन्य आरोपियों से जुड़े कनेक्शन को लेकर पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में सामने आ सकती हैं कई अहम कड़ियां
पुलिस सूत्रों के मुताबिक संजय पटेल से की जा रही पूछताछ में गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं, गांजे की सप्लाई कहां से होती थी और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों तक की जाती थी।
मनगवां थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि...आरोपी के खिलाफ थाने में एनडीपीएस एक्ट के पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद संबंधित प्रकरणों में उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
अब पुलिस की पूछताछ में खुलेगा तस्करी नेटवर्क का राज
संजय पटेल की गिरफ्तारी के बाद मनगवां पुलिस की जांच अब केवल पुराने प्रकरणों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके संपर्कों और गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने पर भी फोकस किया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है।
Created On :  
