Rewa news: रीवा के शिक्षक दीपक मिश्रा के लिखे गणित के अध्याय पढ़ेंगे प्रदेश के विद्यार्थी

रीवा के शिक्षक दीपक मिश्रा के लिखे गणित के अध्याय पढ़ेंगे प्रदेश के विद्यार्थी
शिक्षक करेंगे शिक्षक संदर्शिका का उपयोग

डिजिटल न्यूज़ रीवा

जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निपनिया में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक दीपक मिश्रा ने शैक्षणिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनके द्वारा लिखे गए गणित विषय के अध्याय मध्य प्रदेश के विद्यालयों में आगामी वर्षों में विद्यार्थियों के अध्ययन का हिस्सा बनेंगे। साथ ही उनके द्वारा तैयार की गई गणित विषय की शिक्षक संदर्शिका एवं अभ्यास पुस्तिका का उपयोग प्रदेश के शिक्षक और विद्यार्थी लंबे समय तक करेंगे।

राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल (समग्र शिक्षा, स्कूल शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश) में आयोजित शैक्षणिक पुस्तक लेखन एवं समीक्षा कार्य के अंतर्गत दीपक मिश्रा ने गणित विषय की शिक्षक संदर्शिका एवं अभ्यास पुस्तिका के लिए तैयार किए गए अपने अध्यायों और शैक्षणिक सामग्री का प्रस्तुतिकरण किया। इस दौरान उन्होंने गणित विषय के समन्वयक सुनील श्रीवास्तव के समक्ष अपने लेखन कार्य, अध्यायों की अवधारणाओं, शिक्षण प्रक्रियाओं एवं अभ्यास प्रश्नों पर विस्तार से चर्चा की।

बताया गया है कि दीपक मिश्रा पिछले 14 वर्षों से गणित विषय के प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए एफएलएन (बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान), एनसीईआरटी भोपाल तथा आईआईटी गांधीनगर जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में सहभागिता की है। वर्तमान में भी वे भोपाल में स्टेट रिसोर्स पर्सन तथा गणित विषय के राज्य स्तरीय प्रशिक्षक के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। उनकी शैक्षणिक यात्रा में शिक्षक प्रशिक्षण, गणित के सरल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचार, पाठ्य सामग्री निर्माण तथा शिक्षकों की क्षमता संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। उनका प्रयास रहा है कि गणित जैसे विषय को विद्यार्थियों के लिए सरल, रुचिकर, व्यावहारिक और आनंददायी बनाया जाए।

इस पुस्तक लेखन कार्य की विशेषता यह है कि इसमें तैयार की गई सामग्री केवल किसी एक विद्यालय या जिले तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मध्य प्रदेश के समस्त विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों तक पहुँचेगी। विद्यार्थी उनके द्वारा तैयार किए गए अभ्यास प्रश्नों के माध्यम से गणितीय अवधारणाओं का अभ्यास करेंगे, वहीं शिक्षक उनकी लिखी शिक्षक संदर्शिका के माध्यम से कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता प्राप्त करेंगे।

यह उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि विद्यालय में नियमित अध्यापन के साथ-साथ शिक्षक पाठ्यचर्या निर्माण, पुस्तक लेखन, शिक्षक प्रशिक्षण और राज्य स्तरीय शैक्षणिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। दीपक मिश्रा की इस उपलब्धि से रीवा जिले के शैक्षणिक जगत में हर्ष का वातावरण है। ऐसा माना जाता है कि इनका यह योगदान आने वाले वर्षों में प्रदेश की गणित शिक्षा को समृद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Created On :  

Tags

Next Story