Rewa news: रीवा में धनतेरस-दीपावली पर नया ट्रैफिक प्लान लागू

डिजिटल न्यूज़ रीवा
धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह प्लान गुरुवार यानी आज से लागू हो गया है। इसके तहत शहर के प्रमुख बाजारों के 6 रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। इन रास्तों पर बैरिकेड्स लगाए जाएंगे और 4 पहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग भी तय की गई है। पुलिस के मुताबिक अस्पताल चौराहा से प्रकाश चौराहा, कला मंदिर से मृगनयनी चौराहा और रसिया मोहल्ला से शिल्पी प्लाजा तक
ऑटो-ई-रिक्शा नहीं चलेंगे
इसी तरह खन्ना चौराहा से स्टेच्यू चौराहा, सिंधी चौराहा से सराफा मार्केट और साईं मंदिर से स्टेच्यू चौराहा तक भी इनकी एंट्री बंद रहेगी। इन रास्तों पर लोग पैदल आ-जा सकेंगे, ताकि बाजार में खरीदारी करने वालों को जाम से राहत मिले। जय स्तंभ से अस्पताल चौराहा और धोबिया टंकी जाने वाले वाहनों को कॉलेज चौराहा से सिरमौर चौक की ओर भेजा जाएगा। धोबिया टंकी से अस्पताल चौराहा और अमहिया होते हुए सिरमौर चौक जाने वाले रास्ते पर ऑटो-ई-रिक्शा चल सकेंगे।
शिल्पी प्लाजा के सामने गाड़ी से सिर्फ सवारी उतार सकेंगे। इसके बाद गाड़ी पीछे बनी पार्किंग में खड़ी करनी होगी। साईं मंदिर, मृगनयनी, प्रकाश चौराहा और सराफा मार्केट जाने वाले लोग साईं मंदिर में गाड़ी खड़ी कर सकेंगे। मानस भवन और पीली कोठी जाने वालों के लिए मानस भवन परिसर में पार्किंग रहेगी। स्वागत भवन, कला मंदिर और मृगनयनी जाने वाले स्वागत भवन में गाड़ी खड़ी कर सकेंगे।
8 नवंबर तक खुली रहेगी पार्किंग
शहर के ताला हाउस मार्ग के सामने वाली पार्किंग 4 से 8 नवंबर तक खुली रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तय जगहों पर ही गाड़ी खड़ी करें और बंद रास्तों पर वाहन नहीं ले जाएं, ताकि त्योहारी बाजार में सभी को आसानी हो।
Created On :  
