Rewa news: क्षमा होटल में छापा, सूजी से बन रहा था मिल्क केक

क्षमा होटल में छापा, सूजी से बन रहा था मिल्क केक
पाम ऑयल और पाउडर से बनी बर्फी कराई गई नष्ट

डिजिटल न्यूज़ रीवा

दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही रीवा में मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। ज्यादा मुनाफे के चक्कर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसी को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय मार्ग स्थित क्षमा होटल में छापा मारा, जहां मिल्क केक और बर्फी की जांच में व्यापक गड़बड़ी सामने आई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे ने बताया कि खुटेही स्थित क्षमा होटल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम के साथ मौजूद मोबाइल लैब से दुकान में बेची जा रही बर्फी और मिल्क केक की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मिल्क केक दूध की जगह सूजी से तैयार किया गया था। वहीं खोवे की बर्फी के नाम पर पाम ऑयल और पाउडर से बनी बर्फी बेची जा रही थी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मिलावटी मिठाइयों के सैंपल जब्त किए और मौके पर ही अमानक मिठाई को पूरी तरह नष्ट करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही उपभोक्ता सुरक्षा से खिलवाड़ करने पर संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि आगामी 8 नवंबर को मनाए जाने वाले दीपावली के त्योहार तक यह सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर और जिले भर के मिष्ठान विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे केवल गुणवत्तापूर्ण व शुद्ध मिठाइयों की ही बिक्री करें। मिलावटखोरी कर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Created On :  

Tags

Next Story