Rewa News: रामलीला..भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा की आकर्षक प्रस्तुति

डिजिटल डेस्क,रीवा। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन रीवा के सहयोग से मां कालिका मंदिर परिसर रानी तालाब जिला रीवा में 22 से 26 अक्टूबर तक श्रीरामलीला उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में श्रीरामकथा के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित लीला प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा को दर्शाया गया।
कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 7 बजे से हो रहा है। श्रीरामलीला उत्सव में पारंपरिक श्रीरामलीला मंचन के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, लोक आस्था और रामकथा के आदर्शों को जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्रीरामलीला-लीला गुरूकुल संस्थान-चित्रकूट द्वारा विशेष रूप से परिकल्पित प्रस्तुति में आलेख योगेश त्रिपाठी रीवा, संगीत संयोजन सीताराम सिंह पटना, एवं निर्देशन रामचंद्र सिंह, भोपाल के साथ साथ भक्ति गायक अनूप जलोटा ने श्रीरामलीला में गायन किया।
उत्सव के अंतर्गत 22 अक्टूबर को शंकर विवाह, श्रीराम जन्म, ताड़का वध एवं अहिल्या उद्धार के प्रसंगों की प्रस्तुति की गई। 23 अक्टूबर को धनुष यज्ञ, श्रीराम विवाह, वनगमन एवं केवट प्रसंग की प्रस्तुति दी गई। और 24 अक्टूबर को दशरथ देवलोक गमन, भरत मिलाप, सीता हरण की प्रभावशाली प्रस्तुति दर्शकों के बीच की गई। मंच संचालन रंगकर्मी विनोद कुमार मिश्रा ने की।
Created On :  
