मध्यप्रदेश: दिव्यांग महिला से दुष्कर्म का आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

दिव्यांग महिला से दुष्कर्म का आरोपी इंदौर से गिरफ्तार
  • दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • नरसिंहपुर जिले के करेली का रहने वाला है आरोपी
  • आरोपी के इंदौर में छिपे होने की खबर पुलिस को मिली

डिजिटल डेस्क, सतना। शादी और व्यवसाय के लिए आर्थिक मदद का झांसा देकर दिव्यांग महिला से दुष्कर्म करने के आरोपी को मझगवां पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिग्विजय सिंह पुत्र स्वर्गीय कर्ण सिंह 40 वर्ष, निवासी करेली, जिला नरसिंहपुर, लगभग एक साल पहले मझगवां क्षेत्र में एनजीओ का संचालन कर रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की 30 वर्षीय दिव्यांग महिला उसके सम्पर्क में आ गई, तब आरोपी ने शिक्षा, नौकरी और फिर पिंड्रा में दुकान खुलवाने की मदद का झांसा देकर कई बार दैहिक शोषण किया। पीडि़ता के आपत्ति करने पर आरोपी शादी का वादा कर बरगला देता था। कुछ समय बाद आरोपी बिना बताए मझगवां से गायब हो गया।

तब थाने पहुंची पीडि़ता

हैरान-परेशान पीडि़ता ने थाने पहुंचकर शिकायत की, तो जांच-पड़ताल के पश्चात आईपीसी की धारा 376 (2)(एन) और 323 के तहत कायमी कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मुखबिरों और साइबर सेल के जरिए आरोपी दिग्विजय के ठिकाने तक पहुंचने के प्रयास तेज किए गए। इसी बीच उसके इंदौर में छिपे होने की खबर मिली तो फौरन एक टीम भेजकर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को रविवार सुबह मझगवां लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Created On :   2 Oct 2023 3:57 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story