- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- जननी एक्सप्रेस नहीं पहुंची, रेलवे...
satna news: जननी एक्सप्रेस नहीं पहुंची, रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में महिला ने दिया बच्चे को जन्म

सतना।
शहर के रेलवे स्टेशन पर शनिवार तड़के स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई। प्रसव पीड़ा से तड़प रही गर्भवती महिला को समय पर न जननी एक्सप्रेस मिली और न ही चिकित्सकीय सहायता। आखिरकार सुबह 4:22 बजे महिला ने टिकट काउंटर के सामने स्थित प्रतीक्षालय में ही नवजात को जन्म दे दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गर्भवती महिला अकेली प्रतीक्षालय में दर्द से कराह रही थी। वहां मौजूद महिला यात्रियों ने जननी एक्सप्रेस को फोन कर मदद मांगी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची। महिलाओं का आरोप है कि रेलवे स्टेशन से जिला अस्पताल ले जाने के लिए पैसे मांगे जा रहे थे। करीब एक घंटे तक मदद का इंतजार करने के बाद प्रसव वहीं हो गया। स्टेशन पर मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए प्रसूता की सहायता की और सुरक्षित प्रसव कराया।
बताया जा रहा है कि महिला का नाम खुशबू है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसका पति उसे स्टेशन के प्रतीक्षालय में छोड़कर कहीं चला गया था। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को कौन लेकर गया और उनकी वर्तमान स्थिति क्या है, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। जिला अस्पताल में भी उनके पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी।
इस घटना ने जननी एक्सप्रेस, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से देर शाम तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
Created On :   11 July 2026 1:17 PM IST












