सतना न्यूज: कैमा स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में मिली लडक़ी

कैमा स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में मिली लडक़ी
बंधे हुए थे हाथ-पैर और मुंह, शरीर पर चोट के भी निशान

भास्कर न्यूज सतना

कोलगवां थाना क्षेत्र में कैमा रेलवे स्टेशन के पास एक नाबालिग सडक़ किनारे बेहोशी की हालत में पड़ी मिली, जिसका मुंह और हाथ-पैर बंधे हुए थे तो शरीर पर चोट के निशान भी थे, उसके कपड़े भी फटे हुए थे। यह देखकर सरपंच मनोज कुमार ने डायल 112 पर सूचित किया तो पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची और स्थानीय महिला छोटीबाई कोल की मदद से लडक़ी को आनन-फानन जिला अस्पताल ले आई। इस बीच खबर लगते ही सीएसपी डीपी सिंह चौहान और टीआई सुदीप सोनी भी हॉस्पिटल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि लडक़ी काफी डरी-सहमी है और बयान देने की स्थिति में नहीं है, फिलहाल उसका इलाज किया जा रहा है।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस ---

स्थिति में सुधार होते ही महिला अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे, तब तक उसके मिलने की जगह से लेकर आने-जाने के तमाम रास्तों पर उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के अलावा लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। प्राथमिक तौर पर नाबालिग का संबंध मैहर जिले से होने की बात पता चली है, जिस पर वहां की भी पुलिस से संपर्क किया गया है। लडक़ी के साथ किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तत्परता से सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।


----------------


Created On :   14 July 2026 12:32 PM IST

Tags

Next Story