- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- आधी रात बाड़े में घुसा तेंदुआ, 9...
satna news: आधी रात बाड़े में घुसा तेंदुआ, 9 भेड़ों का किया शिकार

सतना | मझगवां वन परिक्षेत्र के कोठी सर्किल अंतर्गत शिवसागर गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे एक तेंदुआ आबादी में घुस आया। तेंदुए ने गांव निवासी रामसुखी पाल के बाड़े में बंधी 9 भेड़ों को अपना शिकार बना लिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। सुबह जब परिजनों ने बाड़े में जाकर देखा तो भेड़ों के शव पड़े मिले, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मझगवां रेंजर रंजन सिंह परिहार ने वन अमले को मौके पर भेजकर जांच कराई। जांच के दौरान घटनास्थल पर तेंदुए के पगमार्क मिले, जिससे वन विभाग ने प्रारंभिक तौर पर तेंदुए द्वारा ही भेड़ों का शिकार किए जाने की पुष्टि की है।
रेंजर रंजन सिंह परिहार ने बताया कि शासन के नियमानुसार पीड़ित पशुपालक को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिवसागर गांव जंगल से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसलिए क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है।
घटना के बाद वन विभाग ने गांव में मुनादी कराकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। ग्रामीणों को रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, बच्चों पर विशेष नजर रखने तथा पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की सलाह दी गई है। तेंदुए की मौजूदगी से गांव में दहशत का माहौल है।
Created On :   10 July 2026 1:56 PM IST












