satna news: तीन माह से लापता युवक की हत्या, ससुराल में दफन मिला

तीन माह से लापता युवक की हत्या, ससुराल में दफन मिला
मृतक की पत्नी के दोस्त की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया कंकाल

सतना। रामपुर बाघेलान पुलिस तीन माह से अधिक समय से जिस युवक को खोज रही थी वह रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम टीकर अपनी ससुराल में दफन मिला। इसी के साथ सामान्य दिख रही गुमशुदगी का यह मामला अब हत्या में बदल गया है। प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग में आड़े आने पर साजिश रचकर युवक की हत्या की बात सामने आ रही है, जिसको देखते हुए पुलिस सभी कडिय़ां जोडऩे में जुट गई है।

पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद मृतक के ससुराल के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। टीआई संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि विपिन कुमार पुत्र संतू यादव 20 वर्ष, निवासी मौहार टोला-भगदेवरा, बीते 26 मार्च को टीकर स्थित ससुराल गया और उसी शाम रहस्यमयढंग से लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो परिजनों ने 28 मार्च को रामपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी, जिसके बाद से पुलिस लगातार उसकी खोजबीन में जुट गई। मुखबिरों के अलावा साइबर टीम का भी सहयोग लिया गया, पर प्रथम दृष्टया कोई सुराग नहीं मिला।

गांव में दबिश और कॉल डिटेल से मिला सुराग ---

इसी बीच अप्रैल महीने में जब युवक की खोज में पुलिस टीम जब टीकर पहुंची तो उसकी पत्नी की नजदीकियां सुनील कुशवाहा नामक युवक से होने की बात पता चली, मगर उक्त युवक घर पर नहीं मिला। यह जानकारी भी हाथ लगी कि 26 मार्च को ही विपिन को सुनील अपने साथ बुलाकर ले गया था, तब से उसकी कोई खबर नहीं है। ऐसे में साइबर टीम की मदद से दोनों की कॉल डिटेल निकाली गई, जिसमें उनके बीच हर दिन घंटों तक फोन कॉल होने की बात सामने आई, मगर पत्नी लगातार पति की गुमशुदगी से अनभिज्ञता जताती रही। उधर सुनील की खोज में कई बार उसके घर और रिश्तेदारों के यहां दबिश दी गई, पर नाकामी ही हाथ लगी।

दूसरे मामले में गोविंदगढ़ पुलिस ने आरोपी को उठाया, तब खुला राज ---

दो दिन पहले गोविंदगढ़ पुलिस ने सुनील को किसी दूसरे मामले में हिरासत में ले लिया, जिसकी खबर लगते ही रामपुर बाघेलान की टीम ने गोविंदगढ़ जाकर कई घंटों तक सवाल-जवाब किए, जिसमें उसने विपिन को अपने घर से करीब ढाई सौ मीटर नाले की तरफ ले जाकर हत्या करने के बाद लाश को गड्ढा खोदकर दफना देने का खुलासा कर दिया, मगर कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सुनील को घटना स्थल पर ले जाने की बजाय वीडियोकॉल के जरिए नाले के पास खुदाई की गई, लेकिन बुधवार को शव नहीं मिला। ऐसे में गुरुवार को दोबारा खुदाई की गई, जिसमें कंकाल बरामद हो गया।

Created On :   10 July 2026 1:03 PM IST

Tags

Next Story