Satna News: लेनदेन के विवाद में रेलकर्मी ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

लेनदेन के विवाद में रेलकर्मी ने युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
लाखों के लेनदेन को लेकर पीड़ित के भाई से है आरोपी का विवाद

डिजिटल डेस्क,सतना। लेनदेन के विवाद में रेलकर्मी ने बाइक सवार को गोली मार दी, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, तो वहीं रेलवे कॉलोनी में इस वारदात से सनसनी फैल गई है। जीआरपी से मिली जानकारी के मुताबिक मदन गोपाल यादव रेलवे के सीएनडब्ल्यू विभाग में हेल्पर के तौर पर कार्यरत है, लगभग तीन साल पहले इसी सेक्शन में तैनात सीनियर टेक्नीशियन सुनील चौधरी ने जमीन के सौदे को लेकर मदन से 20 लाख रुपए उधार लेते हुए गारंटी के तौर पर स्टाम्प पेपर में लिखा-पढ़ी कराने के साथ एक चेक भी सुपुर्द किया था, मगर रकम वापसी की समय-सीमा खत्म होने के बाद भी वह कर्ज नहीं चुका रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोपी रेलकर्मी किसी भी कीमत पर ब्लैंक चेक और स्टाम्प पेपर वापस पाने की जद्दोजहद करने लगा।

रेलवे क्वार्टर के सामने वारदात

इसी बीच शुक्रवार को मदन गोपाल का छोटा भाई रूपचंद यादव पुत्र कमल किशोर यादव 40 वर्ष, निवासी गायत्री नगर-कटनी, उसके घर आया और शाम करीब 4 बजे भाभी निधि यादव समेत बच्चों को लेकर बाजार के लिए निकल पड़ा। सभी लोग जैसे ही घर के बाहर आए तभी आरोपी सुनील चौधरी ने सामने आकर उसे रुकने का इशारा किया, मगर रूपचंद बातचीत से इंकार करते हुए आगे बढ़ गया।

तब आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया, जिससे बचने के लिए युवक ने हाथ आगे किया तो गोली पंजे को चीरते हुए बाहर निकल गई। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, तो वहीं पीड़ित की भाभी और भतीजे घबराकर चीख-पुकार करने लगे। हल्ला-गुहार सुनकर मोहल्ले-पड़ोस के लोग भी एकत्र हो गए, जिन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए पीड़ित को फौरन हॉस्पिटल पहुंचाया।

अपराध दर्ज, आरोपी हिरासत में

रेलवे कॉलोनी में फायरिंग के समय मदन गोपाल यादव ड्यूटी पर था, जो खबर लगते ही फौरन जिला अस्पताल पहुंचा तो आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी भी पीड़ित का बयान लेने आ गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होते ही रूपचंद से पूछताछ कर आरोपी सुनील चौधरी के खिलाफ हत्या की कोशिश का अपराध पंजीबद्ध किया गया और कुछ देर की खोजबीन के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। जीआरपी की टीम अब आरोपी से घटना के कारणों की पड़ताल के साथ वारदात में इस्तेमाल किया गया असलहा हासिल करने के संबंध में भी सवाल-जवाब कर रही है।

Created On :   2 Oct 2026 9:17 PM IST

Tags

Next Story