- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- झमाझम बारिश- गरज-चमक के बीच ब्लैक...
Satna News: झमाझम बारिश- गरज-चमक के बीच ब्लैक आउट, रविवार की रात मौसम ने पलटी मारी

- मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यहां अभी यह प्री-मानसून एक्टिविटी है।
- सतना के साथ मैहर जिले में भी मूसलाधार बारिश की खबर है।
- हवा में सुबह की नमी बढक़र 73 प्रतिशत और शाम को 38 प्रतिशत दर्ज की गई।
Satna News: दिन भर बाहर कड़ी धूप और घरों के भीतर दमघोंटू उमस के बीच रविवार की रात मौसम ने पलटी मारी। पहले रह-रह कर बौछार और फिर झमाझम बारिश की शुरुआत गरज-चमक के साथ हुई। मौसम का मिजाज बदलते ही जिला मुख्यालय समेत जिले में बिजली गोल होते ही ब्लैक आउट की स्थिति बन गई। रात तकरीबन साढ़े 9 बजे से मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ। सतना के साथ मैहर जिले में भी मूसलाधार बारिश की खबर है।
3.2 डिग्री गिरा पारा
इसी दौरान तेज हवाएं भी चलीं। 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री की गिरावट के साथ पारा 39.9 और न्यूनतम तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट के साथ पारा 25.6 डिग्री पर आ गया,जो सामान्य से ढाई डिग्री नीचे रहा। वहीं हवा में सुबह की नमी बढक़र 73 प्रतिशत और शाम को 38 प्रतिशत दर्ज की गई।
सभी 14 सब स्टेशन बंद, कोलगवां में फाल्ट
विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सिटी डिवीजन के 33/11 केवी कोलगवां सब स्टेशन में फाल्ट आने के कारण जहां इससे जुड़े सभी 6 फीडरों की सप्लाई बंद हो गई। वहीं बारिश और तेज हवा के कारण 13 अन्य सब स्टेशनों के 39 फीडर की सप्लाई भी बाधित की गई। अधिकारियों ने बताया कि बंद किए गए सब स्टेशनो को चार्ज करने के बाद ही संभावित फाल्ट पकड़ में आएंगे।
कुल मिला कर देर रात इस समाचार के लिखे जाने तक संपूर्ण सतना-मैहर जिले में ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है।
अभी ये प्री-मानसून एक्टिविटी
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यहां अभी यह प्री-मानसून एक्टिविटी है। तय सरकारी समय से अबकि यहां 4 दिन पूर्व मानसूनी बारिश का पूर्वानुमान है। माना जा रहा है कि 17-18 जून को इस बार मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग का मानना है कि परंपरागत तौर पर 21 जून तक मानसून सतना पहुंचता है।
एक दशक: किस वर्ष कब आया मानसून
2015: 24 जून
2016: 22 जून
2017: 13 जून
2018: 17 जून
2019 : 2 जुलाई
2020:30 जून
2021: 17 जून
2022:30 जून
2023: 25 जून
2024: 27 जून
Created On :   16 Jun 2025 1:13 PM IST