- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- मार्कण्डेय घाट में डूबा नाबालिग, 22...
Satna News: मार्कण्डेय घाट में डूबा नाबालिग, 22 घंटे बाद मिली लाश, ग्रामीणों ने 2 महिलाओं को बचाया

Satna News: रामनगर थाना क्षेत्र के मार्कण्डेय घाट में पूजन सामग्री विसर्जन के दौरान 15 वर्षीय नाबालिग पानी में डूब गया, जिसकी लाश 22 घंटे बाद बरामद की गई।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वेदरूप गुप्ता पुत्र अंजनी गुप्ता 15 वर्ष, निवासी चोरहटा, थाना रामपुर बाघेलान, अपने माता-पिता के साथ हवन-पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बीते दिन कुदरी गांव स्थित ननिहाल गया था, जहां शनिवार की सुबह तकरीबन 10 बजे सभी हवन सामग्री का विसर्जन करने मार्कण्डेय आश्रम घाट पर पहुंच गए। इस दौरान महिलाएं और बच्चे पानी में उतरकर नहाने लगे, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने से आशा गुप्ता 38 वर्ष, पूनम गुप्ता 35 वर्ष और वेदरूप गुप्ता 15 वर्ष गहरे पानी में डूबने लगे। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पानी में उतरकर महिलाओं को बाहर खींच लिया, लेकिन तब तक नाबालिग गहराई में चला गया था। तब यह खबर फौरन पुलिस को दी गई, लिहाजा रामनगर थाने का अमला मौके पर पहुंच गया, तो वहीं एसडीआरएफ को भी बुला लिया गया। हालांकि टीम के पहुंचने में देरी होने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
यह भी पढ़े -पुलिस ने शादी का वादा कर युवती का दैहिक शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा
अंधेरा होने पर सर्चिंग रोकी
अंतत: दोपहर में एसडीआरएफ के जवान मार्कण्डेय पहुंचे और मोटर वोट के साथ सर्चिंग में जुट गए, लेकिन देर शाम तक चली खोजबीन के बावजूद नाबालिग को कुछ पता नहीं चला। अंधेरा होने पर अभियान रोक दिया गया। रविवार सुबह नए सिरे से सर्चिंग शुरू की गई, इसी दौरान लगभग 9 बजे नाबालिग की लाश बरामद हो गई। बेटे का शव देखते ही उम्मीद का दामन थामे बैठे माता-पिता समेत परिजनों का सब्र छूट गया और रो-रोकर उनका हाल बुरा हो गया।
Created On :   28 Jun 2026 2:10 PM IST













