Shahdol News: ढलाई के दौरान छत गिरी, 3 मजदूर घायल, लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के एंगल से जांच

ढलाई के दौरान छत गिरी, 3 मजदूर घायल, लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के एंगल से जांच
वार्ड क्रमांक 28 कृष्णा कॉलोनी के पीछे शनिवार दोपहर करीब 2 बजे नवनिर्मित मकान की छत ढलाई के दौरान छत का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए।

Shahdol News: वार्ड क्रमांक 28 कृष्णा कॉलोनी के पीछे शनिवार दोपहर करीब 2 बजे नवनिर्मित मकान की छत ढलाई के दौरान छत का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। इस हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए। इनमें मूरत अहिरवार (32), बृजेश अहिरवार (30) और पुष्पेंद्र अहिरवार (20) तीनों निवासी पथरिया जिला दमोह शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर ने परीक्षण कर बताया कि मूरत अहिरवार के दाहिने पैर में फैक्चर है, अन्य दो मजदूर घायल हैं। मकान मयंक व मृदुल पिता मथुरा अग्रवाल निवासी बुढ़ार का है। इनके द्वारा मकान निर्माण का ठेका नागौर राजस्थान के रंजीत सिंह को दिया गया है। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना पुलिस को मिलते ही मौके पर अमला पहुंचा। कुछ देर बाद एसपी संजय कुमार अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और हादसे का कारण जाना। घायलों के इलाज के बारे में कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी से जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि एमएलसी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे की जांच निर्माण के दौरान लापरवाही और सुरक्षा मानको की अनदेखी के एंगल से होगी।

अचानक ज्यादा मटेरियल के प्रेशर से हादसा

हादसे के बाद सुरक्षित बचे मजदूरों ने बताया कि ठेकेदार ने बजरी व सीमेंट मिक्स छत तक पहुंचाने के लिए मिक्चर और प्रेशर मशीन किराए पर ली थी। मशीन ऑपरेटर ने अचानक ज्यादा प्रेशर से मिक्स डाल दिया, जिसे सपोर्ट के लिए लगाए गए पिलर संभाल नहीं पाए और पिलर के टूटने से छत गिर गया।

हादसे से सबक लेना जरूरी

शहर में अधिकांश स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। जानकार बताते हैं कि शहडोल शहर में ज्यादातर निर्माण अकुशल लोगों के माध्यम से करवाए जा रहे हैं। यह हादसा सबक लेने के लिए काफी है, कि कैसे भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सकता है। ऐसे निर्माण से मजदूरों की जान जाती है। इसलिए जरूरी है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की जांच के लिए अलग से टीम गठित की जाए। जो सभी निर्माण की जांच कर रिपोर्ट सौंपे।


Created On :  

Tags

Next Story