Sidhi News: जनजातीय पर्यटन ग्राम बकवा में होमस्टे हितग्राहियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण जारी

डिजिटल डेस्क,सीधी। जनजातीय एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय समुदायों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, भोपाल द्वारा जनजातीय पर्यटन ग्राम बकवा, जिला सीधी में होमस्टे हितग्राहियों एवं ग्राम पर्यटन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों के लिए पांच दिवसीय ग्राम स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 23 नवंबर से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीन दिन पूर्ण हो चुके हैं। प्रशिक्षण 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, भोपाल के आयोजन में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय होमस्टे संचालकों एवं हितग्राहियों को अतिथि सत्कार, आतिथ्य प्रबंधन तथा पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कौशलों में दक्ष बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसमें अतिथियों का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत, आवासीय पर्यटन गृह की साफ-सफाई एवं रखरखाव, रसोई उद्यान एवं पुष्प उद्यान का विकास, भोजन तैयार करने एवं परोसने की विधि, बिस्तर लगाने, कमरों की साज-सज्जा तथा पर्यटकों को गांव की संस्कृति, परंपराओं और विशेषताओं से परिचित कराने के लिए ग्राम कथा-वाचन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षक अमन वर्मा हैं, जो विभिन्न गतिविधियों एवं अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को आवासीय पर्यटन गृह के बेहतर संचालन की बारीकियां सिखा रहे हैं। कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग टाटा स्ट्राइव द्वारा प्रदान किया जा रहा है, जबकि सहयोगी संस्था के रूप में इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभा रही है।
इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण का एक विशेष आकर्षण प्रतिदिन रात्रि में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हैं। इनमें स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा करमा नृत्य, सैला नृत्य, अहिराई लाठी नृत्य, गुदुम बाजा नृत्य एवं चमरौहीं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बकवा की समृद्ध जनजातीय एवं लोक सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ स्थानीय लोक कलाकारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे प्रतिभागियों को अपनी परंपरागत कला एवं संस्कृति को पर्यटन गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा भी मिल रही है।
कार्यक्रम में इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी के सचिव नीरज कुंदेर, परियोजना सहयोग अधिकारी रोशनी प्रसाद मिश्र, ग्राम संयोजक रजनीश कुमार जायसवाल एवं सहयोगी प्रजीत कुमार साकेत की विशेष उपस्थिति एवं सहभागिता रही।
प्रशिक्षण में नीरज सिंह, संसार सिंह, चंद्रभान सिंह, रामदेव सिंह, लल्लू सिंह, अमेरिका घासी, रामनरेश सिंह, कुशल सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, तिलकराज सिंह मुखिया, केमला साकेत, छोटेलाल साकेत, रणबहादुर सिंह, दानबहादुर घासी, नन्हे घासी, हरिप्रसाद घासी, बुद्धसेन यादव, राजकुमार जायसवाल, जगन्नाथ जायसवाल, रामप्रसाद साकेत, किरणकली घासी, सुनीता सिंह, कलाबती सिंह, रामबती सिंह, आराधना सिंह, ममता सिंह, कौशिल्या सिंह एवं अनीता जायसवाल सहित अनेक होमस्टे हितग्राही एवं ग्राम पर्यटन समिति के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय पर्यटन ग्राम बकवा में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, भोपाल द्वारा संचालित होमस्टे आधारित पर्यटन विकास की यह पहल स्थानीय जनजातीय समुदायों की कला, संस्कृति, खानपान, पारंपरिक रहन-सहन एवं प्राकृतिक परिवेश को पर्यटन से जोड़ने की महत्वपूर्ण कोशिश है। इसके माध्यम से पर्यटकों को ग्रामीण एवं जनजातीय जीवन का वास्तविक अनुभव उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय परिवारों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण से होमस्टे संचालकों की कार्यक्षमता एवं सेवा गुणवत्ता में वृद्धि होगी, जिससे बकवा को जनजातीय एवं ग्रामीण पर्यटन के आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करने तथा स्थानीय समुदायों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
Created On :  
