Sidhi News: कुलदेवी मां झदवा महारानी बूढ़ी मैया मंदिर का मुख्य रास्ता गंदगी और जलभराव से पटा

कुलदेवी मां झदवा महारानी बूढ़ी मैया मंदिर का मुख्य रास्ता गंदगी और जलभराव से पटा
भक्त परेशान - नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

डिजिटल डेस्क,सीधी। चुरहट के पुराना बाजार स्थित पूज्य कुलदेवी मां झदवा महारानी बूढ़ी मैया का मंदिर आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों भक्त मां के दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर तक जाने का यही आम रास्ता है, लेकिन आज यह रास्ता गंदगी और जलभराव से पटा हुआ है, जिससे भक्तों का आना-जाना अवरुद्ध हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि के मेले के समय नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई कराई जाती है, लेकिन मेला खत्म होते ही झाडू लगना बंद हो जाता है। उसके बाद इस रास्ते की कोई सुध नहीं लेता।

तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि मंदिर के मुख्य रास्ते पर गंदा पानी भरा हुआ है। कीचड़ और गंदगी पटी हुई है। भक्तों को अब या तो दीवार पकड़कर किनारे-किनारे जाना पड़ता है, या फिर दूसरा लंबा रास्ता अपनाना पड़ता है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को दर्शन करने में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। भक्तों ने कहा कि मां के मंदिर का रास्ता ही अगर ऐसा रहेगा तो श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचेगी। गंदे पानी के कारण बीमारी फैलने का भी डर बना हुआ है।

स्थानीय लोगों और भक्तों ने नगर परिषद चुरहट से मांग की है कि मंदिर के मुख्य रास्ते की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए, जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए और नियमित रूप से झाड़ू लगाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भक्त बिना परेशानी के मां के दर्शन कर सकें।

Created On :  

Next Story