Sidhi News: NH-39 पर रफ्तार का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत

डिजिटल डेस्क,सीधी। सीधी जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार शाम बहरी थाना क्षेत्र के पैगमा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार बाबूलाल रावत की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विपरीत दिशा से आ रहीं थीं दोनों बाइकें
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार अमन द्विवेदी और एक युवती सीधी से बहरी की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर पैगमा निवासी बाबूलाल रावत और सोनू रावत विपरीत दिशा से आ रहे थे। पैगमा गांव के पास दोनों मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर में बाबूलाल रावत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अमन द्विवेदी, सोनू रावत और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों घायलों को किया रीवा रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सोनू रावत की आंखों और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों को बेहोशी की हालत में बताया गया है।
बाल कटवाने घर से निकले थे बाबूलाल
मृतक बाबूलाल रावत की पत्नी नीलम रावत ने बताया कि उनके पति बाल और दाढ़ी बनवाने के लिए हेयर सैलून की दुकान गए हुए थे। जहां एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
इनका कहना है
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
राजेश पांडेय, बहरी थाना प्रभारी
Created On :  
