Sidhi News: 10 हजार की रिश्वत लेते उपतहसील का रीडर गिरफ्तार, लोकायुक्त रीवा की कार्यवाही

10 हजार की रिश्वत लेते उपतहसील का रीडर गिरफ्तार, लोकायुक्त रीवा की कार्यवाही
शिकायत के सत्यापन के बाद उपतहसील हनुमानगढ़ में की कार्यवाही

डिजिटल डेस्क,सीधी। सीधी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस रीवा ने बड़ी कार्यवाही करते हुए उपतहसील कार्यालय हनुमानगढ़ में पदस्थ उपतहसील के रीडर भूपेंद्र सिंह को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गुरुवार को हुई इस कार्रवाई से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाड़ी निवासी एक फरियादी ने लोकायुक्त रीवा से शिकायत की थी कि उपतहसील कार्यालय हनुमानगढ़ में पदस्थ रीडर भूपेंद्र सिंह द्वारा उससे काम के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

गुरुवार को जैसे ही फरियादी ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत दी, पहले से तैयार लोकायुक्त की टीम ने मौके पर दबिश देकर रीडर भूपेंद्र सिंह को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए चुरहट रेस्ट हाउस ले जाया गया।

राजस्व कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल

लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में आम लोगों के कामकाज के बदले कथित रूप से रिश्वत मांगने की शिकायतों को चर्चा में ला दिया है। सवाल यह भी है कि आखिर आम नागरिकों को अपने वैधानिक काम कराने के लिए रिश्वत की मांग का सामना क्यों करना पड़ता है। हालांकि, मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष सामने आने बाकी हैं भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को आम नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Created On :  

Next Story