Sidhi News: आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण से खिलवाड़, विभागीय अधिकारियों के संरक्षण में चल रहा है खेल

डिजिटल डेस्क,सीधी। सरकार एक ओर बच्चों को कुपोषण से बचाने, उनके बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आ रही है। जनपद पंचायत सिहावल क्षेत्र की ग्राम पंचायत तितली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों ने भोजन व्यवस्था का जायजा लिया, तो बच्चों के लिए सिर्फ खिचड़ी दिखाई दी। आरोप है कि खिचड़ी में चावल के साथ हल्दी डालकर उसे पीला किया गया था और दाल की मात्रा भी बेहद कम नजर आई। सवाल यह है कि क्या इसी गुणवत्ता का भोजन बच्चों को पोषण देने के नाम पर परोसा जा रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने कभी स्वयं भोजन की गुणवत्ता और मात्रा की निष्पक्ष जांच की है?
संबंधितों की भूमिका पर उठ रहे सवाल
इस पूरे मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर, परियोजना स्तर के अधिकारियों, समूह संचालक और भोजन व्यवस्था की निगरानी करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। यदि बच्चों को निर्धारित गुणवत्ता और मात्रा के अनुरूप भोजन नहीं मिल रहा है, तो संबंधित समूह के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? आखिर किसकी सह पर ऐसी लापरवाही जारी है?
सरकार द्वारा बच्चों और हितग्राहियों के लिए पोषण आहार वितरण की व्यवस्था में बदलाव के बाद पैकेट के माध्यम से पोषण आहार उपलब्ध कराने की योजना को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि संबंधित हितग्राहियों तक पैकेट नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं। यदि योजना कागजों पर संचालित हो रही है और पात्र बच्चों तक इसका लाभ नहीं पहुंच रहा, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?
जिला प्रशासन से कार्यवाही की मांग
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन, कलेक्टर और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से ग्रामीणों ने मांग की है कि तितली ग्राम पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 का औचक निरीक्षण कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता, मात्रा, मीनू, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रिकॉर्ड और समूह की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित समूह संचालक और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
Created On :  
