Sidhi News: ग्राम पंचायत भगवार के ठुरूडोल में सड़क की स्थिति से ग्रामीण आवागमन बाधित

ग्राम पंचायत भगवार के ठुरूडोल में सड़क की स्थिति से ग्रामीण आवागमन बाधित
ठुरूडोल मुख्य मार्ग तक पहुंचना मुश्किल, बदहाल रास्ते से ग्रामीण परेशान

डिजिटल डेस्क,सीधी। सीधी जिले के आदिवासी अंचल कुसमी की ग्राम पंचायत भगवार अंतर्गत ठुरूडोल से मुख्य मार्ग तक पहुंचने वाला रास्ता इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां का कच्चा और ऊबड़-खाबड़ मार्ग, जगह-जगह बने गहरे गड्ढे तथा कीचड़ से भरा रास्ता आवागमन को चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं।

सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में सड़क की वास्तविक स्थिति साफ दिखाई दे रही है। मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे और मिट्टी के कारण चारपहिया वाहन को भी निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती दिखाई दे रही है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और पैदल आने-जाने वाले लोगों की परेशानी का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

ग्रामीण अंचलों में सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम होती है। ऐसे में ठुरूडोल से मुख्य मार्ग तक सुगम पहुंच मार्ग का होना बेहद आवश्यक है आदिवासी अंचल के ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए कब तक ऐसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा? अब आवश्यकता है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर मार्ग की वास्तविक स्थिति का आकलन करे और ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

Created On :  

Next Story