दुर्घटना: सगाई से लौट रहे पिता-पुत्री और नातिन की भीषण हादसे में मृत्यु

सगाई से लौट रहे पिता-पुत्री और नातिन की भीषण हादसे में मृत्यु
  • दोपहिया को अज्ञात वाहन के टक्कर मारने से हुई दुर्घटना
  • बुटीबोरी के समीप हुआ हादसा
  • गिरड में पसरा शोक

डिजिटल डेस्क, समुद्रपुर. नागपुर में सगाई के कार्यक्रम में शामिल होकर दोपहिया से वापस अपने गांव गिरड लौट एक ही परिवार के तीन लोगों की सोमवार सुबह हुए हादसे में मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्री व नाती शामिल हैं। मृतकों के नाम गिरड निवासी पुणीराम येनूरकर, पुत्री हिंगणघाट निवासी सुचिता सुधीर दांडेकर (35) व नातिन खुशी सुधीर दांडेकर (15) बताए जाते हैं। इस घटना के कारण गिरड गांव में शोक का वातावरण है। मिली जानकारी के अनुसार गिरड निवासी पुणीराम येनूरकर 28 अप्रैल को अपने परिजन के यहां आयोजित सगाई के कार्यक्रम के लिए नागपुर गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे 29 अप्रैल को अपनी एमएच-32-एएम-1996 क्रमांक की दोपहिया से हिंगणघाट निवासी उनकी पुत्री सुचिता सुधीर दांडेकर (35) व नातिन खुशी सुधीर दांडेकर (15) को साथ लेकर आ रहे थे।

इस दौरान सोमवार सुबह 11.30 बजे के दौरान गांव की ओर आते समय बुटीबोरी समीपस्थ जांगेश्वर गांव के पास उनकी दोपहिया को अज्ञात वाहन ने कट मारी। इससे दोपहिया समेत तीनों नीचे गिर गए। इसी समय पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। इस हादसे में पुणीराम येनूरकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी तथा पुत्री सुचिता व नातिन खुशी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मदद दल के पीएसआई देवंेद्र पटेल अपने स्टाफ सहित घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए नागपुर के अस्पताल में भेजा। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दोनों की मौत हो गयी। इस घटना की जानकारी मिलते ही गिरड गांव में शोक की लहर फैल गयी। बुटीबोरी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे में मृत दोनों बहनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार

उधर यवतमाल जिले में रालेगांव के वाटखेड़ के पास रविवार तड़के ढाई बजे हुई दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई थी। उसमें श्रावणी गजानन भोयर और परी गजानन भोयर दोनों केलापुर तहसील के घोन्सी की निवासी थीं। उनके शव का गमगीन माहौल में घोन्सी के मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया। उसी प्रकार इसमें मृतक लीलाबाई पातुरकर(40) तेलंगाना के पेंढावारवाड़ा गांव की थी। उनका अंतिम संस्कार पेंढारवाड़ा में किया गया। चौथे मृतक निलेश काफेकर(42) का घाटंजी तहसील के आंजी नृसिंह के मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि 26 अप्रैल को यवतमाल के ढुंमनापुर देवस्थान में संजय राऊत की बेटी का ब्याह रालेगांव के खैरी निवासी अनिकेत ताजने से हुआ था। खैरी में 27 अप्रैल की रात रिसेप्शन रखा गया था। उसमें शामिल होकर यह लोग स्कूल बस से यवतमाल आ रहे थे। उनकी बस वाटखेड़ के पास पंक्चर हुई थी। इधर स्टेपनी बदलने का काम शुरू था कि एक ट्रक ने इस बस को पीछे से टक्कर मार दी थी।

Created On :   30 April 2024 3:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story