- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Yavatmal
- /
- विदर्भ और मराठवाड़ा के कई जिलों में...
जनजीवन प्रभावित: विदर्भ और मराठवाड़ा के कई जिलों में भारी बारिश, यवतमाल में दो अमरावती में बहे 5 को बचाया

- यवतमाल में दो लोग बहे गाज गिरने से दो की मौत
- नदी-नाले उफान पर, कई रास्तों से यातायात ठप
- विदर्भ-मराठवाड़ा का संपर्क टूटा
- विक्रोली में पहाड़ी खिसकी पिता और बेटी की मौत, मां और बेटा घायल, 10 घर खाली कराए
Nagpur News. विदर्भ के यवतमाल, वर्धा, अमरावती और गड़चिरोली जिले में भारी वर्षा के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यवतमाल में बाढ़ में बहने से जहां दो लोगों की मृत्यु हो गई, वहीं गाज गिरने से एक की जान चली गई तथा एक अन्य झुलस गया। वर्धा जिले के देवली तहसील में भी युवा किसान की बिजली गिरने से मृत्यु हो गई, जबकि चार मजदूर झुलस गए। अमरावती जिले में बाढ़ में बहे पांच लोगों को एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया। अमरावती के चांदुर बाजार में हालात यह थे कि लोगों को बाढ़ से बचने के लिए छत पर शरण लेनी पड़ी। इस बीच, मराठवाड़ा के बीड़ और हिंगोली जिले में भी भारी बारिश हुई।
विदर्भ-मराठवाड़ा का संपर्क टूटा
यवतमाल जिले के पुसद, उमरखेड़ और महागांव क्षेत्र में गत दो दिन से शुरू वर्षा के कारण विदर्भ और मराठवाड़ा का संपर्क टूट गया। पांढरकवड़ा के समीप खूनी नदी में आई बाढ़ से तेलंगाना मार्ग भी बंद हो गया। यवतमाल जिले में लगभग 240 मकान ढहने की खबर है। अमरावती जिले की चांदुर बाजार तहसील के 4 गांवों की फसलें चौपट हो गईं। माधान गांव में नाले में आई बाढ़ के कारण लोगों ने घरों, कार्यालयों की छत पर चढ़कर जान बचाई। बारिश से जिले के कई गांवों का संपर्क टूट गया है। गड़चिरोली जिले में भी दो दिन से जारी मूसलाधार वर्षा से पर्लकोटा नदी सहित अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे चार मार्गों का यातायात ठप पड़ गया है।
राज्य में 21 तक भारी बारिश की चेतावनी : क्षेत्रीय मौसम विभाग ने 21 अगस्त तक कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। साथ ही समुद्र में उथल-पुथल की स्थिति को देखते हुए मछुआरों से इस दौरान समुद्र में जाने से बचने की अपील की गई है।
विक्रोली में पहाड़ी खिसकी पिता और बेटी की मौत, मां और बेटा घायल, 10 घर खाली कराए
उधर मुंबई के विक्रोली पार्क साइट इलाके में पहाड़ी का कुछ हिस्सा शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे तेज बारिश के बीच खिसक गया। इस दौरान एक बड़ा पत्थर घर पर गिरने से हुए हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य चपेट में आ गए, जिनमें से पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि मां और बेटा घायल है। मृतकों के नाम सुरेश मिश्रा (50) और शालू मिश्रा (19) हैं। घायल आरती मिश्रा (45) और बेटे ऋतुराज (20) का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन हादसे के बाद पहाड़ी की ढलान पर बने 10 घरों को खाली कराया है। विक्रोली पश्चिम के पार्क साइट में जन कल्याण सोसायटी भूस्खलन संभावित क्षेत्र में है।
इसके अलावा साकीनाका, कुर्ला, चूनाभट्टी, कांदिवली, गोरेगांव, घाटकोपर, कांजुरमार्ग, चांदिवली, कांदिवली, असल्फा, खंडोबा टेकड़ी, सूर्या नगर, मुलुंड हनुमान टेकड़ी, चेंबूर-वाशी नाका, भांडुप केतकी पाड़ा, खिंडी पाडा, कुर्ला कसाईवाड़ा, मालाड पूर्व, दिंडोशी, अति खतरनाक श्रेणी में आते हैं।
Created On :   17 Aug 2025 6:03 PM IST