IPL News: रजत पाटीदार ने गेंदबाजों को दिया जीत का क्रेडिट, कहा - 'एक गेंदबाज ही चैंपियनशिप...'

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हरा दिया। यह इस सीजन में बेंगलुरु की 6वीं जीत है। टीम के दिल्ली के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने पर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने खुशी जाहिर की।
'तेज गेंदबाजों को दिया क्रेडिट'
पाटीदार ने जीत का क्रेडिट अपने बॉलरों को दिया, खासकर तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार को, जिन्होंने पावरप्ले के दौरान अपनी घातक गेंदबाजी की, यहीं से बेंगलुरु की जीत की नींव डली। बता दें कि दिल्ली के होम ग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम में खेल गए इस मुकाबले में जोश हेजलवुड ने डीसी के खिलाफ 3.3 ओवरों में महज 12 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 3 ओवरों में सिर्फ 5 विकेट देकर 3 विकेट हासिल किए। इन गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के साथ आरसीबी ने डीसी को 16.3 ओवरों में 75 रन पर समेटने के बाद 81 गेंदें शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़े -जब हेजलवुड-भुवनेश्वर गेंदबाजी करते हैं, तो बल्लेबाजी करने वाली टीम पर बहुत ज्यादा दबाव होता है पडिक्कल
'विकेट के बर्ताव से हैरान हूं'
मैच खत्म होने के बाद पाटीदार ने कहा, "जिस तरह से विकेट ने बर्ताव किया, उससे मैं भी हैरान हूं। इसका पूरा श्रेय गेंदबाजों को जाता है, जिस तरह से उन्होंने गेंदबाजी की, खासकर पावरप्ले में- हेजलवुड और भुवी ने। मुझे लगता है कि जिस तरह से उन्होंने सही जगहों पर गेंद डाली और शुरुआत में थोड़ा स्विंग हासिल किया, वह देखना वाकई शानदार था।"
'एक बॉलर बना सकता है चैंपियन'
क्या स्विंग नॉर्मल से ज्यादा था? इसके जबाव में पाटीदार ने कहा, "मुझे लगता है कि स्विंग नॉर्मल ही था। अच्छी बात यह रही कि हमें शुरुआत में विकेट मिल गए, जिसके चलते हमने मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी। बेशक, मुझे लगता है कि अगर आप सपाट पिच पर टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं, तो आपके पास एक बेहतरीन बॉलिंग यूनिट होनी चाहिए। ऐसा इसलिए है, क्योंकि सिर्फ एक गेंदबाज ही आपको चैंपियनशिप जिता सकता है।"
Created On :   28 April 2026 12:58 AM IST







