Virat Kohli's Achievement: दिल्ली के खिलाफ मैच में विराट कोहली ने रचा इतिहास, IPL में ये मुकाम हासिल करने वाले पहले बैटर बने

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल का 39वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया। इस मैच में लीजेंड बल्लेबाज विराट कोहली ने इतिहास रच दिया। दिल्ली के खिलाफ 11 रन बनाते ही उन्होंने इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में 9 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। जिस वक्त विराट ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। बता दें कि आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के ही नाम है।
विराट ने बेंगलुरु की पारी के छठवें ओवर में इस आंकड़े को छुआ। 11 रन बनाने के लिए कोहली ने 12 गेंदें खेली, लेकिन जैसे ही उन्होंने 9 हजार रन का आंकड़ा छुआ, वह आक्रमक बैटिंग करने लगे। विराट ने लगातार दो छक्के लगाकर दिल्ली को सीजन की 6वीं जीत दिला दी।
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स
विराट कोहली - 9012 रन
रोहित शर्मा - 7183 रन
शिखर धवन - 6769 रन
डेविड वॉर्नर - 6565 रन
केएल राहुल - 5580 रन
यह भी पढ़े -दिल्ली की शर्मनाक हार, बेंगलुरु ने 9 विकेट से मात दी, दर्ज की सीजन की 6वीं जीत, हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार चमके
9 विकेट से जीता बेंगलुरु
मैच की बात करें तो दिल्ली के होम ग्राउंड अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ क्योंकि दिल्ली ने अपने 6 विकेट महज 8 रन पर गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि दिल्ली 50 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाएगी। लेकिन अभिषेक पोरेल ने 30 रन की पारी खेलकर दिल्ली के स्कोर को 75 रन तक पहुंचाया। बेंगलुरु की तरफ से जोश हेजलवुड ने 4 और भुवनेश्वर कुमार 3 विकेट झटके।
76 रन के टारगेट को बेंगलुरु ने महज 6.4 ओवर में हासिल कर लिया। टीम की तरफ से देवदत्त पाडिक्कल ने नाबाद 34 और विराट कोहली ने नाबाद 23 रन की पारी खेली। जैकब बेथेल 20 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से काइल जेमीसन को एकमात्र सफलता मिली।
Created On :   27 April 2026 10:53 PM IST








