IPL 2026: दिल्ली की शर्मनाक हार, बेंगलुरु ने 9 विकेट से मात दी, दर्ज की सीजन की 6वीं जीत, हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार चमके

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल के 39वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह सीजन में उसकी 6वीं जीत है। दिल्ली के होम ग्राउंड अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेंगलुरु ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली की टीम 16.4 ओवर में 75 रन पर सिमट गई। 76 रन के टारगेट को बेंगलुरु ने केवल 6.3 ओवर में हासिल कर लिया।
यह भी पढ़े -बेंगलुरु की घातक गेंदबाजी, 75 रन पर ढेर हुई दिल्ली, हेजलवुड ने 4 और भुवनेश्वर ने 3 विकेट झटके
दिल्ली की शर्मनाक बैटिंग
पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के 6 विकेट महज 8 रन पर गिर गए। केवल अभिषेक पोरेल ही कुछ समय तक आरसीबी की तूफानी गेंदबाजी का सामना कर सके। उन्होंने 30 रन बनाए, जिसकी बदौलत ही दिल्ली 75 रन के स्कोर तक पहुंच सकी। दूसरे छोर पर किसी भी बैटर ने पोरेल का साथ नहीं दिया।
बेंगलुरु की तरफ से जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। उन्होंने केएल राहुल, समीर रिजवी, नीतीश राणा और अभिषेक पोरेल को पवेलियन भेजा। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने भी घातक बॉलिंग की। उन्होंने साहिल परख, ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल को आउट किया। इसके अलावा रसिख सलाम डार, क्रुणाल पंड्या और सुयश शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
बेंगलुरु ने आसानी से किया चेज
76 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को जैकब बेथेल ने शानदार शुरुआत दिलाई। हालांकि वह टीम को जिता कर नहीं लौट पाए। बेथेल ने 11 गेंदों पर 1 चौके और दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। विराट ने 15 गेंदों पर 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 23 रन बनाए। वहीं देवदत्त पडिक्कल 13 गेंदों पर 3 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिल्ली की तरफ से एकमात्र सफलता काइल जेमीसन को मिली।
Created On :   27 April 2026 10:29 PM IST







