IPL 2026: राजस्थान के खिलाफ दिल्ली की बंपर जीत, 7 विकेट से रौंदा, केएल राहुल-निसांका और स्टार्क चमके

राजस्थान के खिलाफ दिल्ली की बंपर जीत, 7 विकेट से रौंदा, केएल राहुल-निसांका और स्टार्क चमके
आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। यह इस सीजन में लगातार तीन हार झेलने के बाद दिल्ली की पहली जीत है।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। आईपीएल 2026 के 43वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। यह इस सीजन में लगातार तीन हार झेलने के बाद दिल्ली की पहली जीत है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान के दिए 226 रन के टारगेट को दिल्ली ने 19.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान रियान पराग ने सबसे ज्यादा 90 रन की पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के जल्दी आउट हो जाने के बाद उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। ध्रुव जुरेल ने 42 रन की अहम पारी खेली। आखिरी ओवरों में डोनोवान फरेरा ने 14 बॉल पर 6 छक्कों के सहारे नाबाद 47 रन बनाए। दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। काइल जैमिसन, अक्षर पटेल और टी नटराजन को एक-एक सफलता मिली।

226 रन के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी रही। केएल राहुल और पाथुम निसांका ने शतकीय साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी। राहुल ने 40 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले। वहीं निसांका ने 33 बॉल पर 6 चौके और 3 छक्के के सहारे 62 रन बनाए। राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवींद्र जडेजा को 1-1 विकेट मिला। बता दें कि यह दिल्ली का आईपीएल में सबसे बड़ा रन चेज है।

Created On :   1 May 2026 11:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story