IPL News: कम नहीं हो रहीं मुंबई की मुश्किलें, इंजरी के चलते एक महीने तक मैदान से बाहर रहेगा ये दिग्गज ऑलराउंडर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अभी तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने अपने 8 लीग मुकाबलों में से केवल 2 ही जीते हैं। टीम 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर काबिज है। इस बीच टीम के लिए एक और बुरी खबर सामने आई। टीम के स्टार ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर एक महीने के लिए मैदान पर वापसी नहीं कर सकेंगे। उन्हें चेन्नई के खिलाफ मैच में कंधे पर चोट लग गई थी। साथ ही उनकी गर्दन और कंधे पर भी जोर से झटका लगा था।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने सैंटनर की हेल्थ अपडेट देते हुए कहा, "मिचेल सैंटनर इस हफ्ते न्यूजीलैंड लौट आए हैं और आज सुबह एक विशेषज्ञ से मिले, जिन्होंने बताया कि उन्हें कम से कम एक महीने के आराम और ‘रिहैबिलिटेशन’ की जरूरत है।"
ऐसे हुए थे चोटिल
चेन्नई के खिलाफ मैच में जसप्रीत बुमराह की बॉल पर मिचेल सैंटनर ने कार्तिक शर्मा का डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा। लेकिन इस दौरान उन्हें कंधे और सिर में चोट लग गई। इस चोट की वजह से वो आयरलैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि इंग्लैंड के खिलाफ बाकी के दो मैचों में उनके खेलने पर फैसला बाद में लिया जाएगा।
बता दें कि न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच एकमात्र चार दिवसीय टेस्ट मैच 27 मई से खेला जाएगा। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज 4 जून से शुरु होगी।
Created On :   1 May 2026 11:13 PM IST







