IND vs ENG Test Series: बदला इंडिया-इंग्लैंड सीरीज का नाम, अब पटौदी ट्रॉफी की जगह इन दो दिग्गजों के नाम से पहचानी जाएगी!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 20 जून से शुरू होने वाली है। यह सीरीज अब एक नए नाम से खेली जा सकती है। पहले इसका नाम पटौदी ट्रॉफी था जिसे बदलकर अब तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी रखे जाने की खबर है। बता दें कि सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन अपने-अपने देश के सबसे महान क्रिकेटर्स में से एक हैं।
2007 में हुई पटौदी ट्रॉफी की शुरुआत
पटौदी ट्रॉफी की शुरुआत 2007 में भारत-इंग्लैंड के पहले टेस्ट की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में की गई थी। उसी समय से दोनों देशों के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज को पटौदी ट्रॉफी के नाम से ही जाना गया। इस सीरीज को पटौदी परिवार का नाम दिया गया था, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को मंसूर अली खान पटौदी और इफ्तिखार अली खान पटौदी के रूप में दो दिग्गज कप्तान दिए थे।
भारत और इंग्लैंड के बीच इसी महीने से शुरु हो रही टेस्ट सीरीज का नाम तेंदुलकर-एंडरसन सीरीज रखा गया है। जहां सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 15921 रन बनाए हैं, वहीं जेम्स एंडरसन टेस्ट में सबसे ज्यादा 704 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं।
इन दोनों की आमने-सामने की टक्कर की बात करें तो यह दोनों 14 टेस्ट मैच एक दूसरे के खिलाफ खेले हैं। इनमें एंडरसन ने सचिन को 9 बार आउट किया है। वहीं भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पटौदी ट्रॉफी की बात करें तो अब तक 5 बार इसका आयोजन हुआ है। इनमें इंग्लैंड ने 3 और भारत ने केवल एक बार जीत हासिल की है। वहीं, एक सीरीज ड्रॉ रही है। आखिरी सीरीज 2021-22 में हुई थी जो कि 2-2 पर ड्रॉ हुई थी।
Created On :   6 Jun 2025 12:57 AM IST













