Ind vs Pak Match News: पाकिस्तान का कुछ नहीं कर पाएगा ICC, दोहरा मापदंड नही.., वर्ल्डकप में भारत के खिलाफ ना खेलने पर पूर्व अध्यक्ष का बड़ा बयान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्डकप में 15 फरवरी को होने वाला भारत-पाकिस्तान का मैच नहीं होगा। पाकिस्तान सरकार ने रविवार को इसका ऐलान किया। हालांकि पाकिस्तान वर्ल्डकप में अपने बाकी सभी मैच खेलेगा। पाकिस्तान ने भारत के साथ न खेलने का फैसला तो ले लिया, लेकिन ऐसा करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पूर्व क्रिकेटर और एक्सपर्ट्स इस मुद्दे पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। इस बीच आईसीसी और पीसीबी के पूर्व चेयरमैन एहसान मनी ने बड़ा बयान दिया है।
उनका कहना है कि पाकिस्तान ने वर्ल्डकप में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है, लेकिन फिर भी आईसीसी उसे कोई सजा नहीं दे पाएगा। बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने ऐसी कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है कि वह भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार क्यों कर रहा है। मगर इसे बांग्लादेश को टी20 वर्ल्डकप से बाहर करने से जोड़ा जा रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत की जगह श्रीलंका में शिफ्ट करने की बात कही थी। आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की यह मांग स्वीकार नहीं की थी और उसे वर्ल्डकप से बाहर कर दिया था।
यह भी पढ़े -ऑल स्टार्स टेनिस बॉल क्रिकेट लीग सीजन 2, अर्जुन बिजलानी की टीम 'मुंबई किंग्स' मैदान में उतरने को तैयार
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक एहसान मनी ने कहा, "अपनी सरकार की सलाह मानने के लिए पाकिस्तान टीम पर कोई पाबंदियां नहीं लगाईं जा सकतीं। अपनी सरकार का आदेश मानकर ही तो भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए पाकिस्तान आने से मना किया था। आप दोहरे मापदंड नहीं अपना सकते हैं। मैं फिर से उसी तथ्य को दोहराऊंगा कि दुर्भाग्यवश, समस्या से निपटने के बजाय आईसीसी एक मूकदर्शन बनकर खड़ा रहा।"
एहसान मनी ने आईसीसी पर निधाना साधते हुए कहा कि उसने क्रिकेट मामलों में देशों की सरकार के दखल पर कोई ऑब्जेक्शन नहीं जताया। उधर, पाकिस्तान की इस हरकत पर आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) बड़ा एक्शन लेने की तैयारी में है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईसीसी जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई कर सकता है। इस मंगलवार या फिर बुधवार को आईसीसी बैठक कर सकता है।
मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक आधिकारिक रूप से आईसीसी को यह नहीं बताया है कि वो भारत के साथ 15 फरवरी को खेले जाने वाले मैच का बायकॉट कर रहा है।
Created On :   3 Feb 2026 1:22 AM IST












