दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप: सेमीफाइनल में दिखा शानदार गेम, अब फाइनल मुकाबला आज अपोलो और फार्मा इलेवन के बीच होगी टक्कर

सेमीफाइनल में दिखा शानदार गेम, अब फाइनल मुकाबला आज अपोलो और फार्मा इलेवन के बीच होगी टक्कर
सेमीफाइनल मुकाबलों में दिग्गज टीमों अपोलो हॉस्पिटल और सीएनडी फार्मा व मंगलायतन यूनिवर्सिटी और फार्मा इलेवन के बीच हुई जोरदार टक्कर।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए दो सेमीफाइनल मुकाबलों ने रोमांच की नई ऊंचाइयों को छू लिया। मैदान पर उतरी चारों टीमों अपोलो हॉस्पिटल, सीएनडी फार्मा, मंगलायतन यूनिवर्सिटी और फार्मा इलेवन ने जीत के लिए पूरा दमखम झोंक दिया, जिससे हर पल मुकाबले बेहद दिलचस्प बन गए। जहां पहला सेमीफाइनल मुकाबला अपोलो हॉस्पिटल और सीएनडी फार्मा के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को कांटे की टक्कर बना दिया। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मंगलायतन यूनिवर्सिटी और फार्मा इलेवन के मध्य खेला गया, जहां दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंचने के लिए जोरदार संघर्ष किया। मैच में शानदार पारियां, तेज गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग ने दर्शकों को खूब उत्साहित किया।

पहला सेमीफाइनल

दैनिक भास्कर कॉर्पोरेट कप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में रोमांच, रणनीति का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां अपोलो हॉस्पिटल्स ने सीएनडी फार्मा को 24 रनों से हराकर फाइनल में धमाकेदार एंट्री कर ली। मैच की शुरुआत ही खास अंदाज में हुई। मुख्य अतिथि अभिषेक कृष्णा (जोनल सेल्स हेड, हल्दीराम स्नैक्स प्रा.लि) और संजय ओसवाल (सुपर स्टॉकिस्ट, स्नैक्स प्रा.लि) ने टॉस कराया और मैच में नया ट्विस्ट जोड़ते हुए डाइस थो के जरिए दोनों टीमों को बोनस रन भी दिए, जिससे मुकाबले में शुरुआत से ही उत्साह चरम पर था। टॉस जीतकर अपोलो हॉस्पिटल्स के कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। शुरुआत में टीम को कुछ झटके जरूर लगे, लेकिन इसके बाद सनी (26 रन) और नितिन (25 रन) ने जिम्मेदारी संभालते हुए पारी को स्थिर किया। दोनों बल्लेबाजों ने समझदारी और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया। हालांकि, सीएनडी फार्मा के गेंदबाज मोहम्मद शाहिद ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 4 रन देकर 4 विकेट झटककर मैच में अपनी टीम की वापसी की उम्मीदें जिंदा रखीं। अपोलो हॉस्पिटल्स ने निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 93 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

69 रन ही बना सकी सीएनडी फार्मा

94 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएनडी फार्मा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। अपोलो के गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ और आक्रामक फील्डिंग से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और रन गति भी नहीं बना सकी। अपोलो हॉस्पिटल्स की ओर से शुभम (3 विकेट) और सत्यम (2 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। उनकी सटीक गेंदबाजी के आगे सीएनडी फार्मा की पूरी टीम 10 ओवर में सिर्फ 69 रन ही बना सकी। इस तरह अपोलो हॉस्पिटल्स ने 24 रनों से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि सीएनडी फार्मा का सफर यहीं समाप्त हो गया। इस दौरान बृजेश नेमा, सीनियर रीजनल सेल्स मैनेजर, हल्दीराम स्नैक्स प्रा.लि और दैनिक भास्कर के सीनियर जनरल मैनेजर मार्केटिंग केसी शर्मा भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े -कोहली ईगो को अलग रखते हैं और यह उनकी सबसे बड़ी ताकत आकाश चोपड़ा

दूसरा सेमीफाइनल

रोमांचक मुकाबले में जीती फार्मा इलेवन, मंगलायतन का सपना टूटा

टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रोमांच, दबाव और जबरदस्त प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहा। मैदान पर उतरीं दो मजबूत टीमें मंगलायतन यूनिवर्सिटी और फार्मा इलेवन फाइनल की टिकट के लिए पूरी ताकत झोंकती नजर आई। लेकिन अंत में बाजी मारी फार्मा इलेवन ने, जिसने 16 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच की शुरुआत शानदार अंदाज में हुई, जब बैंक ऑफ इंडिया (जबलपुर जोन) के जोनल मैनेजर रमेश कुमार, डिप्टी जोनल मैनजर संतोष सहाय, मुख्य प्रबंधक आरडी बाकले और मैनेजर गोपाल कृष्ण गोखले ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया। टॉस जीतकर मंगलायतन यूनिवर्सिटी ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, मानो वे लक्ष्य का पीछा कर दबाव को नियंत्रित करना चाहते हों। सेमीफाइनल से पहले बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाडियों को दी शुभकामनाएं।

लक्ष्य का पीछा और बढ़ता दबाव

89 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंगलायतन यूनिवर्सिटी को विक्की (23 रन) और निखिल (18 रन) ने मजबूत प्लेटफॉर्म दिया और कुछ समय के लिए ऐसा लगा कि मैच पूरी तरह उनके नियंत्रण में है। लेकिन जैसे ही रन गति बढ़ाने का दबाव आया। गब्बर ने अपनी धारदार गेंदबाजी से 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके, जबकि सोबरन ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। लगातार गिरते विकेटों के बीच मंगलायतन यूनिवर्सिटी की टीम संभल नहीं सकी और 10 ओवर में केवल 72 रन ही बना सकी। इस तरह उन्हें 16 रन से हार का सामना करना पड़ा और फाइनल में पहुंचने का सपना अधूरा रह गया। इस जीत के साथ ही फार्मा इलेवन ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।

फार्मा इलेवन की संघर्षपूर्ण लेकिन प्रभावी पारी-पहले बल्लेबाजी करने उतरी फार्मा इलेवन की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन बीच के ओवरों में विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। हालांकि आदर्श (29 रन) और अतुल (24 रन) ने जिम्मेदारी संभालते हुए पारी को संभाला और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 88 रन बनाना भले ही बड़ा स्कोर नहीं था, लेकिन इस पिच पर यह एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य साबित होने वाला था।

मैच के साथ सम्मान समारोह भी रहेगा आकर्षण का केंद्र

फाइनल मुकाबले के साथ ही टूर्नामेंट को नई चैंपियन टीम मिलेगी। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा, जहां पूरे टूर्नामेंट के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों जैसे बेस्ट बैटर और बेस्ट बॉलर को पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें मैन ऑफ द मैच पुरस्कारों के साथ टॉप खिलाड़ियों और विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। मैच के एम्पायर एंड्रयू पॉल, संदीप बर्मन, अशोक सिंह, विजय और अंकित ने निभाई। इस्लाम खान व गुरमीत रहे कॉमन्टेटर स्कोरर सचिन साहू, तनमय प्रजापति, अनुराग प्रजापति रहे।

दर्शकों में नजर आया उत्साह

- चौके-छक्कों पर गूंजता रहा पूरा मैदान।

- हर विकेट पर तालियों और शोर से बढ़ा रोमांच।

- खिलाडियों का दर्शकों ने किया जोरदार उत्साहवर्धन।

- हर ओवर में बढ़ती रही दर्शकों की दिलचस्पी।

-रोमांचक पलों पर सीटियों और तालियों की गूंज।

- बड़ी संख्या में युवा मैच देखने पहुंचे।

-मुकाबलों में बना रहा जोश और उत्सव जैसा माहौल।

- हर उम्र के क्रिकेट प्रेमी दर्शक दीर्घा में नजर आए।

Created On :   29 March 2026 12:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story