IPL 2026: RCB ने SRH को 6 विकेट से रौंदा, विराट कोहली ने ठोकी तूफानी फिफ्टी, ईशान किशन की गई बेकार

RCB ने SRH को 6 विकेट से रौंदा, विराट कोहली ने ठोकी तूफानी फिफ्टी, ईशान किशन की गई बेकार
आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हराया।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हराया। इसके साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन सीजन की शुरूआत जीत के साथ की। पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए थे। 203 रन के टारगेट को बेंगलुरु 15.4 ओवर में चार विकेट खोकर ही हासिल कर लिया।

ईशान किशन ने खेली 80 रन की पारी

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच की शुरूआत में बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पावरप्ले में 3 विकेट गंवाने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तान ईशान किशन की शानदार पारी की बदौलत शानदार वापसी की। ईशान किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ 97 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने मात्र 38 गेंदों पर 80 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके व 5 छक्के जड़े। वहीं, आखिरी ओवरों में अनिकेत वर्मा ने केवल 18 गेंदों पर तेजतर्रार 43 रन बनाए। इनके अलावा क्लासेन ने 31 रन की पारी खेली। बेंगलुरु के लिए रोमारियो शेफर्ड और जैकब डफी ने 3-3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को 1-1 सफलता मिली।

कोहली और पडिक्कल के शानदार अर्धशतक

203 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम को 9 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। फिल सॉल्ट 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली और इम्पैक्ट प्लेयर देवदत्त पाडिकल ने तूफानी बल्लेबाजी की। दोनों ने केवल 45 गेंदों पर 101 रन की साझेदारी की। पाडिकल ने 26 गेंदों पर 61 रन की धुआंधार पारी खेलकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों पर 31 रन की पारी खेली। उन्होंने विराट के साथ केवल 22 गेंदों पर 53 रन की साझेदारी की और टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। विराट कोहली ने टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 38 गेंदों पर 5 चौके और इतने ही छक्के लगाकर नाबाद 69 रन की पारी खेली। उनके साथ टिम डेविड 16 रन बनाकर नॉट आउट लौटे।

हैदारबाद के लिए डेविड पेन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। उनके अलावा हर्ष दुबे और जयदेव उनादकट को 1-1 विकेट मिला।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

सनराइजर्स हैदराबाद - अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर और कप्तान), हेनरिक क्लासन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा।

इम्पैक्ट प्लेयर - शिवांग कुमार, लियम लिविंगस्टन, डेविड पैन, स्मरण रविचंद्रन, साकिब हुसैन।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - विराट कोहली, फिलिप साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी, सुयश शर्मा।

इम्पैक्ट प्लेयर - देवदत्त पडिक्कल, जैकब बेथेल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान, वेंकटेश अय्यर।

Created On :   28 March 2026 11:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story