R. Ashwin News: अमेरिका की इस फेमस क्रिकेट लीग से जुड़े आर. अश्विन, पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ खेलते आएंगे नजर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अमेरिका की फेमस टी20 लीग 'मेजर क्रिकेट लीग (MLC)' के साथ जुड़ गए हैं। वह इस लीग में खेलने वाले पहले कैप्ड भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने अपने साथ जोड़ा है। लेकिन अश्विन के इस कदम से बड़ा विवाद पैदा हो गया है।
दरअसल, इस लीग में पाकिस्तान के प्लेयर्स भी खेल रहे हैं, जिनमें से कुछ सैन फ्रांसिस्को टीम का हिस्सा हैं। अश्विन उनके साथ मैदान पर खेलते दिखाई देंगे। पाकिस्तान के हारिस रऊफ, हम्माद आजम और हसन खान ने भी सैन फ्रांसिस्को टीम के साथ करार किया है।
यह भी पढ़े -मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने को हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर भरोसा, बताया बेहतरीन ऑलराउंडर
बता दें कि भारत और पाकिस्तान से जुड़ा मुद्दा इस वक्त विवाद का कारण बन रहा है। हाल ही में इंग्लैंड की द हंड्रेड क्रिकेट लीग की नीलामी में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदे जाने पर भी काफी विवाद हुआ था। अब अश्विन के इस कदम पर भी विवाद होना तय है।
क्या बोले अश्विन?
वहीं, MLC से जुड़ने के बाद अश्विन ने कहा, 'बच्चों और अमेरिका में बाहर से आकर रहने वाले लोगों में इस खेल के बारे में काफी रुचि है। मैं इसका अनुभव करना चाहता हूं और देखना चाहता हूं कि एमएलसी में आकर कैसा लगता है।' उन्होंने आगे कहा, 'मेजर लीग क्रिकेट में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी के रूप में यह मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे मैं पूरी तरह स्वीकार करता हूं। मेरा लक्ष्य टीम को जीत दिलाना और फैन्स को शानदार क्रिकेट दिखाना है।'
वहीं, सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के CEO जॉनी ग्रेव ने कहा, 'यह पहली बार होगा जब वह भारत से बाहर जाकर खेलेंगे। और उनकी क्षमता वाले खिलाड़ी को लाने वाली पहली लीग बनना दिखाता है कि यह लीग पिछले तीन साल में किस तरह से आगे बढ़ी है।'
बता दें कि आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अश्विन पहली बार किसी विदेशी लीग में खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वह बिग बैश लीग से भी जुड़े थे। लेकिन चोट के चलते अपनी टीम सिडनी थंडर से एक भी मैच नहीं खेल पाए थे।
Created On :   28 March 2026 8:18 PM IST












