India Vs England 2nd Test: तीसरे दिन का खेल समाप्त, भारत 244 रन से आगे, दूसरी पारी का स्कोर 64/1, जायसवाल आउट

- बर्मिंघम टेस्ट में भारत की स्थिति मजबूत
- इंग्लैंड पर बनाई 244 रन की बढ़त
- इंग्लैंड पहली पारी में 407 रन पर ऑलआउट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बर्मिंघम टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने मेजबान इंग्लैंड पर 244 रन की बढ़त बना ली है। तीसरे दिन स्टम्प तक भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 64 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 28 और करुण नायर 7 रन पर नाबाद लौटे। यशस्वी जायसवाल 28 रन बनाकर आउट हुए।
407 रन ऑलआउट हुई इंग्लैंड
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 407 रन पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 180 रन की बढ़त मिली। शुक्रवार (मैच के तीसरे दिन) को इंग्लैंड ने अपने 77/3 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। टीम ने अपने दो अहम विकेट जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स के रूप में पहले ही सेशन में गंवा दिए थे। 84 रन पर 5 विकेट गंवाकर संकट में फंसी टीम को हैरी ब्रूक और जैमी स्मिथ ने संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 303 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को संकट से उबारा। ब्रूक ने 158 और जैमी स्मिथ ने नाबाद 184 रन की पारी खेली।
सिराज ने झटके 6 विकेट
ब्रूक और स्मिथ की तिहरी शतकीय साझेदारी को आकाशदीप ने तोड़ा। उन्होंने ब्रूक को बोल्ड कर पवेलियन रवाना किया। इसके बाद इंग्लैंड के बाकी बचे बल्लेबाज आया राम गया राम की तर्ज पर आउट होते चले गए। टीम ने अपने आखिरी 5 विकेट महज 20 रन के अंदर गंवा दिए। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज सबसे सफल बॉलर रहे। उन्होंने 6 विकेट झटके जबकि आकाशदीप के खाते में 4 विकेट आए। बता दें कि मैच के दूसरे दिन भारत टीम ने अपनी पहली पारी में 587 रन बनाए। टीम की तरफ से कप्तान शुभमन गिल ने रिकॉर्ड 269 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से शोएब बशीर ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
इंग्लैंड - बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर।
भारत - शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाशदीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
Created On :   4 July 2025 11:59 PM IST