India Vs England 2nd Test: बर्मिंघम टेस्ट का दूसरा दिन भी भारत के नाम रहा, कप्तान गिल ने लगाया दोहरा शतक, इंग्लैंड ने 77 रन पर गंवाए तीन विकेट

बर्मिंघम टेस्ट का दूसरा दिन भी भारत के नाम रहा, कप्तान गिल ने लगाया दोहरा शतक, इंग्लैंड ने 77 रन पर गंवाए तीन विकेट
  • बर्मिंघम टेस्ट में इंग्लैंड की हालत खराब
  • 100 रन के अंदर गंवाए टॉप 3 विकेट
  • शुभमन गिल के दोहरे शतक की बदौलत भारत ने बनाया बड़ा स्कोर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट का दूसरा दिन भी टीम इंडिया के नाम रहा। भारत ने अपनी पहली पारी में 587 रन बनाए। वहीं, स्टम्प तक इंग्लैंड के तीन बल्लेबाजों को भी पवेलियन रवाना कर दिया। इंग्लैंड का स्कोर 77/3 रहा। मेजबान टीम अभी भारत के स्कोर से 510 रन पीछे है। जो रूट 18 और हैरी ब्रूक 30 रन पर नाबाद लौटे। बेन डकेट और ओली पोप शून्य पर आउट हुए। जैक क्रॉली 19 रन बनाकर आउट हुए। भारत की तरफ से आकाशदीप ने दो जबकि मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया।

गुरुवार को भारत ने अपने एक दिन पहले के स्कोर 310/5 से आगे खेलना शुरू किया। टीम की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने 269 रन की रिकॉर्ड पारी खेली। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 87, रवींद्र जडेजा ने 89 और वॉशिंगटन सुंदर ने 42 रनों का योगदान दिया।

इंग्लैंड की तरफ से स्पिनर शोएब बशीर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। क्रिस वोक्स और जोश टंग ने 2-2 विकेट झटके। जबकि ब्रायडन कार्स, जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स को एक-एक सफलता मिली।

कप्तान गिल ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

269 रन की पारी खेलने वाले टीम इंडिया के कप्तान गिल ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किये। वह टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने। उन्होंने विराट कोहली (नाबाद 254 रन) को पीछे छोड़ा। कोहली ने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह पारी खेली थी। इसके अलावा वह इंग्लैंड में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बैटर भी बने। उन्होंने सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने साल 1979 में ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ 221 रन की पारी खेली थी।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

इंग्लैंड - बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर।

भारत - शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा

Created On :   4 July 2025 1:25 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story