India Vs England 2nd Test: दोहरा शतक लगाकर शुभमन गिल ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी, विराट कोहली समेत कई दिग्गजों को पीछे छोड़ा

दोहरा शतक लगाकर शुभमन गिल ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी, विराट कोहली समेत कई दिग्गजों को पीछे छोड़ा
  • बर्मिंघम में खेला जा रहा इंग्लैंड और भारत के बीच दूसरा टेस्ट
  • शुभमन गिल ने खेली कप्तानी पारी
  • दोहरा शतक लगाकर कई कीर्तिमान किए अपने नाम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मैच का दूसरा दिन है। भारत ने पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 551 रन बना लिये हैं। टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। वह दोहरा शतक लगा चुके हैं और तिहरे की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।

दोहरा शतक लगाकर शुभमन गिल ने कप्तान और प्लेयर के तौर पर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। वह दोहरा शतक लगाने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज और पहले कप्तान बन गए हैं। इसके अलावा वह इंग्लैंड में बतौर कप्तान दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं।

ये रिकॉर्ड भी किए अपने नाम

200 रन का आंकड़ा पार गिल ने टेस्ट में अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर भी बनाया। इससे पहले उनका बेस्ट स्कोर 147 रन था जो उन्होंने सीरीज के पहले टेस्ट में बनाया था। शुभमन गिल टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा इंडियन प्लेयर्स की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं। टेस्ट में बतौर भारतीय कप्तान सबसे कम आयु में दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड मंसूर अली पटौदी के पास है। उन्होंने 23 साल 39 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाया था, वहीं गिल ने 25 साल 298 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है।

कोहली को पीछे छोड़ा

गिल 260 रन बनाकर खेल रहे हैं जो कि बतौर कप्तान किसी भी भारतीय का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली (254) के नाम था। इसके साथ ही गिल SENA देश (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में दोहरा शतक लगाने वाले पहले एशियाई कप्तान बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान के नाम था, जिन्होंने साल 2011 में 193 रन बनाए थे। इसके अलावा यह किसी विदेशी जमीन पर भारतीय कप्तान द्वारा बनाई गई केवल दूसरी डबल सेंचुरी है। उनसे पहले सिर्फ विराट कोहली ही ऐसा कर पाए थे।

Created On :   3 July 2025 8:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story