Joe Root Record: प्रचंड फॉर्म में जो रूट...सिडनी टेस्ट में जड़ा शतक, रिकी पोन्टिंग की बराबरी पर पहुंचे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का आखिरी मुकाबला सिडनी में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में दिग्गज इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने इस टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन शतकीय पारी खेली। उन्होंने 242 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 160 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 41वां शतक रहा। इसी के साथ वह टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोन्टिंग की बराबरी की। दोनों के 41-41 शतक हैं।
सिर्फ कैलिस और तेंदुलकर ही आगे
रूट और पोन्टिंग से जैक कैलिस और सचिन तेंदुलकर ही आगे हैं। कैलिस के 45 और तेंदुलकर के 51 शतक हैं। अपने इस शानदार प्रदर्शन से रूट ने यह बता दिया है कि वह मौजूदा समय के सबसे अच्छे टेस्ट बल्लेबाज हैं। अगर फिलहाल के समय के एक्टिव बल्लेबाजों को देखें तो ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ के नाम टेस्ट में 36 और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन के टेस्ट में 33 शतक हैं। दोनों ही रूट से शतकों के मामले में काफी पीछे हैं। अगर उनकी यह फॉर्म जारी रहती है तो वह जल्द ही कैलिस को पीछे छोड़ सकते हैं।
2021 के बाद सबसे ज्यादा शतक
बीते 4-5 साल में रूट कैसी प्रचंड फॉर्म में चल रहे हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि साल 2021 से लेकर अब तक वह 24 टेस्ट शतक लगा चुके हैं। उनके बाद इस लिस्ट में स्टीव स्मिथ, केन विलियमसन, हैरी ब्रुक और शुभमन गिल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। इन सभी बैटर्स ने साल 2021 के बाद टेस्ट क्रिकेट में 10-10 शतक लगाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में दूसरा शतक
रूट ने इस एशेज सीरीज (2025-26) मे दो शतक लगाए। इससे पहले वे ऑस्ट्रेलिया में एक भी शतक नहीं लगा पाए थे। गाबा के मैदान पर सीरीज के दूसरे मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने 138 रन बनाए थे। इसके अलावा पहले 4 टेस्ट की 7 अन्य पारियों में वह बड़ी पारी खेलने में असफल रहे थे। अब दौरे की 9वीं पारी में रूट ने एक बार फिर शतक लगाया।
Created On :   5 Jan 2026 12:50 PM IST












