मयंक अग्रवाल मामला: जहरीला पदार्थ पीने से हुई थी मयंक अग्रवाल की तबीयत खराब! पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

जहरीला पदार्थ पीने से हुई थी मयंक अग्रवाल की तबीयत खराब! पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
  • फ्लाइट उड़ने से पहले हुई थी मयंक की तबीयत खराब
  • सीट पर रखा पाउच पीने से अचानक बिगड़ी तबीयत
  • क्रिकेटर के मैनेजर ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय टीम से बाहर चल रहे ओपनिंग बल्लेबाज मयंक अग्रवाल की तबीयत ट्रैवल के दौरान अचानक ही खराब हो गई थी। मयंक इस समय रणजी ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम कर्नाटक की कमान संभाल रहे हैं। इस दौरान नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने से ठीक पहले मयंक अग्रवाल बीमार पड़ गए थे। इसके बाद उन्हें अगरतला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अब मयंक अग्रवाल की तबीयत ठीक है और वह खतरे से बिल्कुल बाहर हैं। लेकिन इस बीच मयंक ने पुलिस में घटना की शिकायत दर्ज कराई है।

उड़ान से पहले बिगड़ी तबीयत

दरअसल, तबीयत ठीक होने के बाद मयंक अग्रवाल ने पुलिस में एक ऑफिशियल शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में मयंक ने उनके खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मयंक अग्रवाल ने फ्लाइट में पानी समझकर एक पाउच से पेय पदार्थ पी लिया था। इंडिगो एयरलाइन में उनकी सीट पर रखे इस पदार्थ को पीने के बाद ही मयंक की तबीयत खराब हो गई थी। इसे पीने के बाद उनके गले में जलन और फिर उल्टी होने लगी थी। हालांकि, हॉस्पिटल में इलाज के बाद उनकी तबीयत पूरी तरह से ठीक हो गई है।

मैनेजर ने की पुलिस में शिकायत

मयंक अग्रवाल की तबीयत ठीक होने के बाद उनके मैनेजर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनके मैनेजर ने इस शिकायत में कहा कि मयंक जब फ्लाइट में बैठ रहे थे तब उनकी सीट पर एक पाउच पड़ा हुआ था। इसे पीने के बाद मयंक के मुंह में जलन होने लगी। इसके कुछ ही देर बाद उनके मुंह में सूजन और छाले भी हो गए थे। हालांकि, अब उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है। पुलिस प्रबंधन ने उनकी इस शिकायत को दर्ज कर ली है और जल्द ही मामले की जांच करेगी। बता दें कि फिलहाल मंयक का इलाज अगरतला में ही चल रहा है और जल्द ही उन्हें बेंगलुरु शिफ्ट किया जाएगा।

Created On :   31 Jan 2024 5:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story