IPL-12 : चेन्नई-मुंबई आज क्वालिफायर-1 में आमने-सामने, दोनों की नजरें चौथे खिताब पर

IPL 12, qualifier-1: chennai super kings vs mumbai indians, Live Updates, MS Dhoni, Rohit Sharma, MA Chidambaram Stadium, Chennai,
IPL-12 : चेन्नई-मुंबई आज क्वालिफायर-1 में आमने-सामने, दोनों की नजरें चौथे खिताब पर
IPL-12 : चेन्नई-मुंबई आज क्वालिफायर-1 में आमने-सामने, दोनों की नजरें चौथे खिताब पर

डिजिटल डेस्क, चैन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 12वें सीजन का पहला क्वालिफायर मैच आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेला जाएगा। मैच का प्रसारण शाम 7:30 बजे से होगा। IPL फॉर्मेट के अनुसार दोनों में से जो टीम पहला क्वालिफायर-1 जीतेगी वो सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम 10 मई को दूसरे क्वालिफायर में एलिमिनेटर जीतने वाली टीम के खिलाफ उतरेगी।

IPL के इस सीजन में चेन्नई और मुंबई का ग्रुप स्टेज में दो बार आमना-सामना हुआ। जिसमें मुंबई ने चेन्नई को दोनों मैचों में हराया है। बात करें चेन्नई के घरेलू मैदान की तो यहां भी मुंबई का रिकॉर्ड बेहतर है। मुंबई को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर चेन्नई के खिलाफ 2010 में हार मिली थी। उसके बाद से दोनों के बीच 5 मैच हुए। सभी में मुंबई जीत हासिल करने में सफल रही है। इस सीजन में भी चेन्नई के घर में उसे हराने वाली मुंबई एक मात्र टीम है। इस हिसाब से देखा जाए तो रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई टीम एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई पर भारी पड़ेगी। 

दोनों टीमों के बीच IPL में अब तक 26 मैच हुए हैं। जिसमें चैन्नई ने 11 और मुंबई ने 15 मैचों में जीत हासिल की है। चेन्नई ने घरेलू मैदान पर आईपीएल के अब तक 56 मैच खेले हैं। जिसमें से उसने 41 जीते हैं, जबकि 15 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इनमें से 5 मैच में उसे मुंबई ने हराया है। 

मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक इस सीजन की बेहतरीन सलामी जोड़ियों में से एक साबित हुए हैं तो मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव ने टीम को कई मौकों पर संभाला है। आखिरी के ओवरों में हार्दिक पांड्या और केरन पोलार्ड तेजी से रन बनाने में माहिर हैं। गेंदबाजी में मुंबई के जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा की जोड़ी चेन्नई के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।  

वहीं चेन्नई को अपने पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी जिसने उसकी कई कमियां उजागर की हैं। बल्लेबाजी में उसे केदार जाधव के चोटिल होने जाने से झटका लगा है। जाधव को पंजाब के खिलाफ कंधे में चोट लग गई थी। चेन्नई के पास हालांकि बल्लेबाजी में अच्छे और बड़े नाम हैं। शेन वाटसन, सुरेश रैना, ड्वायन ब्रावो, अंबाती रायडू और खुद कप्तान धोनी का जलवा पूरी दुनिया ने देख रखा है।  गेंदबाजी धोनी के लिए चिंता का सबब हो सकती है। ऐसे में अच्छा खासा दारोमदार अनुभवी हरभजन सिंह और वाटसन के जिम्मे होगा। ब्रावो टीम के लिए कई मौकों पर तुरुप का इक्का साबित हुए हैं। उनसे भी धोनी को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

मुंबई और चेन्नई दोनों  IPL की सबसे सफल टीमें हैं। अब तक हुए 11 सीजन में से दोनों 3-3 बार चैंपियन बन रह चुकी हैं। चेन्नई ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2010, 2011 और 2018 में IPL खिताब जीते हैं। वहीं मुंबई की टीम 2013, 2015 और 2017 की चैंपियन रही है। अब दोनों टीमों की नजरें IPL के चौथे खिताब पर होगी। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमों ने अपने 14-14 मैचों में से 9-9 मैच जीते और 5-5 मैच हारे। चैन्नई-मुंबई दोनों के 18-18 अंक रहे, लेकिन नेट रनरेट के हिसाब से मुंबई टॉप पर और चैन्नई दूसरे स्थान पर रही। 

टीमें

चैन्नई सुपर किंग्स (CSK) : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), अंबाती रायडू, शेन वाटसन, सुरेश रैना, रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, दीपक चहर, शार्दुल ठाकुर, हरभजन सिंह, इमरान ताहिर, मुरली विजय, ध्रुव शौरी, फाफ डुप्लेसिस, ऋतुराज गायकवाड़, मिशेल सैंटनर, डेविड विली, सैम बिलिंग्स, समीर, मोनू कुमार, कर्ण शर्मा, केएम आसिफ, मोहित शर्मा।

मुंबई इंडियंस (MI)  : रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, युवराज सिंह, क्रुणाल पंड्या, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, मयंक मार्कंडेय, राहुल चाहर, अनूकुल रॉय, सिद्धेश लाड, आदित्य तारे, क्विंटन डीकॉक, एविन लुइस, कीरोन पोलार्ड, बेन कटिंग, मिशेल मैकक्लेनघन, एडम मिल्ने, जेसन बेहरेनडॉर्फ, अनमोलप्रीत सिंह, बरिंदर सरन, पंकज जायसवाल, रसिख सलाम, जसप्रीत बुमराह।
 
 

Created On :   7 May 2019 4:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story