पिछले साल इसी दिन धोनी ने छोड़ा था इंटरनेशनल क्रिकेट, वीडियो शेयर कर लिखा था- 19:29 बजे से मुझे रिटायर मानें

Mahendra Singh Dhoni quits international cricket this day last year
पिछले साल इसी दिन धोनी ने छोड़ा था इंटरनेशनल क्रिकेट, वीडियो शेयर कर लिखा था- 19:29 बजे से मुझे रिटायर मानें
Dhoni retirement पिछले साल इसी दिन धोनी ने छोड़ा था इंटरनेशनल क्रिकेट, वीडियो शेयर कर लिखा था- 19:29 बजे से मुझे रिटायर मानें
हाईलाइट
  • धोनी ने एक वीडियो शेयर कर अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी
  • धोनी ने पिछले साल इसी दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पिछले साल इसी दिन भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। विकेटकीपर-बल्लेबाज धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी पोस्ट में कैप्शन लिखा था, "आपके प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। 19:29 बजे से मुझे रिटायर मानें।" वीडियो में धोनी की तस्वीरों के साथ बैकग्राउंड में अमिताभ बच्चन की "कभी कभी" का गाना "मैं पल दो पल का शायर हूं" था। इस वीडियो के जरिए धोनी ने विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच में रन आउट सहित भारतीय टीम में अपनी अविश्वसनीय यात्रा शेयर की थी। बीसीसीसीआई ने भी धोनी की इस यात्रा को याद किया है।

 

 

148 रन की तूफानी पारी से मिली पहचान
महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ डेब्यू किया था। लेकिन 5 अप्रैल 2005 को विशाखापत्तनम में पाकिस्तान के खिलाफ 148 रनों की तूफानी पारी से उनका भारतीय क्रिकेट में उदय हुआ। उन्हें इस पारी ओर उनके ट्रेडमार्क हेलीकॉप्टर शॉट ने रातों-रात राष्ट्रीय सनसनी बना दिया था। वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183* रन का है जो उन्होंने 31 अक्टूबर 2005 को जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ चेज करते हुए बनाया था। वे डेब्यू के तीन साल के अंदर ही टीम इंडिया के कप्तान बन गए थे। एमएस धोनी ही क्रिकेट के इतिहास के ऐसे कप्तान है जिन्होंने आईसीसी की सभी ट्रॉफी पर अपनी कब्जा जमाया। 

उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2010 और 2016 में एशिया कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। धोनी ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था जो कि वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल मुकाबला था। उस मैच में धोनी रन आउट हो गए थे और इसी के साथ भारतीयों की उसे वर्ल्ड कप को जीतने की उम्मीदें भी खत्म हो गई थी।

धोनी के करियर पर एक नजर
धोनी ने देश के लिए 350 एकदिवसीय, 90 टेस्ट और 98 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले। धोनी ने अपने वनडे करियर के एक बड़े हिस्से में नंबर 5 और 7 के बीच बल्लेबाजी की। इसके बावजूद 50 से अधिक औसत के साथ उन्होंने 10,773 रन बनाए। टेस्ट फॉर्मेट में, धोनी ने 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए। टी20 में धोनी ने 37.6 की औसत से 1617 रन बनाए हैं। धोनी ने 211 आईपीएल मैच भी खेले हैं। इसमें उन्होंने 40.25 की औसत से 4669 रन बनाए हैं। भले ही टेस्ट और टी20 में धोनी का औसत थोड़ा कम लगे लेकिन धोनी को एक कुशल रणनीतिकार के तौर पर जाना जाता है। मैदान पर अपनी शानदार रणनीति से उन्होंने टीम इंडिया को कई मैच जिताए हैं।

धोनी मेरे करियर के सर्वश्रेष्ठ कप्तान-सचिन
चाहे वह 2007 वर्ल्ड टी20 के अंतिम ओवर में जोगिंदर शर्मा को गेंद सौंपना हो या 2011 के 50 ओवर के वर्ल्ड कप में खुद को मैन-इन-फॉर्म युवराज सिंह की जगह प्रमोट करना। ये धोनी की ऐसी रणनीतियों में याद की जाती है जिसने सभी को हैरान कर दिया था। धोनी की तारीफ उनके फैंस ही नहीं बल्कि कई क्रिकेटर्स भी करते हैं। उनकी तारीफ में सचिन तेंदुलकर ने कहा था- वे मेरे करियर के सर्वश्रेष्ठ कप्तान हैं। वहीं, सुनील गावस्कर ने कहा था- मरने से पहले वर्ल्ड कप फाइनल(2011) में धोनी का आखिरी छक्का देखना चाहूंगा।

Created On :   15 Aug 2021 8:20 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story