MI vs CSK : हार्दिक पंड्या का जलवा, मुंबई ने चेन्नई को 37 रनों से हराया

MI vs CSK LIVE SCORE LIVE COMMENTARY LIVE UPDATES
MI vs CSK : हार्दिक पंड्या का जलवा, मुंबई ने चेन्नई को 37 रनों से हराया
MI vs CSK : हार्दिक पंड्या का जलवा, मुंबई ने चेन्नई को 37 रनों से हराया
हाईलाइट
  • चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
  • मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच IPL-12 का 15वां मैच खेला गया।
  • यह मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेला गया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए IPL-12 के 15वें मैच में मुंबई ने चेन्नई को 37 रनों से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। मुंबई के लिए सुर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। जबकि क्रुणाल पंड्या ने 42 रन बनाए। पोलार्ड और हार्दिक पंड्या ने अंतिम ओवरों में आतिशी पारी खेलते हुए मुंबई को 170 रनों तक पहुंचाया। इसके जवाब में चेन्नई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी। चेन्नई के लिए केदार जाधव ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और एक छक्का लगाया।

बैटिंग के बाद हार्दिक पंड्या का बॉलिंग में भी जलवा
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम ने अपना पहला विकेट अंबाती रायडू के रूप में जल्दी खो दिया। रायडू बिना खाता खोले आउट हुए। इसके तुरंत बाद शेन वाटसन भी 5 रन बनाकर आउट हो गए। 6 रन के कुल स्कोर पर 2 विकेट गिरने के बाद सुरेश रैना और केदार जाधव ने पारी संभालने की कोशिश की। तीसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़ने के बाद रैना (16) अपना विकेट गंवा बैठे। रैना के आउट होने के बाद कप्तान एमएस धोनी और जाधव ने चौथे विकेट के लिए 54 रन की पार्टनरशिप की। ऐसा लग रहा था कि यह दोनों चेन्नई को जीत की दहलीज तक ले जाएंगे कि तभी हार्दिक पंड्या ने धोनी (12) को आउट कर CSK को एक बड़ा झटका दिया। धोनी के आउट होते ही पूरी टीम लड़खड़ा गई और 20 ओवर की समाप्ती के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 133 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए लसिथ मलिंगा और हार्दिक पंड्या ने 3-3 विकेट लिए। वहीं जेसन बेहरनड ने दो विकेट लिए।

पोलार्ड और हार्दिक पंड्या ने 18 गेंदों में जोड़े 45 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्विंटन डी कॉक के रूप में मुंबई का पहला विकेट गिरा। इसके बाद सुर्यकुमार और कप्तान रोहित शर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 37 रन की पार्टनरशिप की। 13 के निजी स्कोर पर रोहित भी आउट हो गए। उन्हें रविंद्र जडेजा ने आउट किया। वहीं युवराज सिंह भी कुछ खास नहीं कर सके और 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सुर्यकुमार यादव और क्रुणाल पंड्या ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी निभाई। क्रुणाल पंड्या को 42 के निजी स्कोर पर मोहित शर्मा ने जडेजा के हाथों कैच कराया। इस दौरान सुर्यकुमार ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। सुर्यकुमार 43 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद पोलार्ड और हार्दिक ने 18 गेंदों में मुंबई के लिए 45 रन जोड़े। हार्दिक 8 गेंदों में 25 रन (1 चौका और तीन छक्का), जबकि कीरॉन पोलार्ड ने 2 छक्कों की मदद से 7 गेंदों पर 17 रन बनाए। 

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। धोनी ने इस मैच के लिए टीम में केवल एक बदलाव किया था। धोनी ने मिचेल सेंटनर की जगह मोहित शर्मा को टीम में शामिल किया। वहीं मुंबई इंडियंस ने टीम में दो बदलाव किए थे। स्पिनर मयंक मार्कंडे की जगह MI ने राहुल चहल और तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लानघन की जगह जेसन बेहरनडोर्फ को टीम में शामिल किया था। 

दोनों टीमें इस प्रकार हैं-

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, युवराज सिंह, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, क्रुनाल पांड्या, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा, जेसन बेहरेनडोर्फ

चेन्नई सुपर किंग्स : एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), अंबाती रायुडू, शेन वॉटसन, सुरेश रैना, केदार जाधव, ड्वेन ब्रावो, रवींद्र जडेजा, दीपक चहर, मोहित शर्मा, शार्दुल ठाकुर, इमरान ताहिर

Created On :   3 April 2019 2:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story