IPL 2026: मुंबई के खिलाफ जीत दर्ज करके पंजाब ने रचा कीर्तिमान, बनी आईपीएल इतिहास की पहली टीम

मुंबई के खिलाफ जीत दर्ज करके पंजाब ने रचा कीर्तिमान, बनी आईपीएल इतिहास की पहली टीम
आईपीएल 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने मुंबई इंडियंस (एमआई)को 7 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ ही पंजाब ने इतिहास रच दिया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आईपीएल 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने मुंबई इंडियंस (एमआई)को 7 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ ही पंजाब ने इतिहास रच दिया। वह वानखेड़े स्टेडियम में एमआई के खिलाफ सर्वाधिक मैच जीतने वाली पहली टीम बन गई है। पंजाब किंग्स ने यहां मुंबई इंडियंस के खिलाफ छठवां मैच अपने नाम किया।

मुंबई के खिलाफ उसके होमग्राउंड में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमों में दूसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु संयुक्त रूप मौजूद हैं। दोनों ही टीमों ने वानखेड़े में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 5-5 मैच जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स चार जीत के साथ इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर है।

सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम भी बनी

वहीं, पंजाब आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम भी बन गई है। वह चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गई है। टीम ने मुंबई के खिलाफ अब तक 35 मुकाबले खेले हैं जिसमें से उसे 18 में जीत मिली है। वहीं चेन्नई ने भी मुंबई के खिलाफ 39 मुकाबलों में से 18 जीते हैं।

इस लिस्ट में दिल्ली कैपिटल्स 17 जीत के साथ दूसरे, आरसीबी 16 जीत के साथ तीसरे और राजस्थान रॉयल्स 15 जीत के साथ चौथे पायदान पर मौजूद है।

बात करें मैच की तो वानखेड़े स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए। टीम की ओर से इस आईपीएल का पहला मुकाबला खेल रहे क्विंटन डी कॉक ने 60 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 112 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा नमन धीर ने 50 रन बनाए।

जवाब में पंजाब किंग्स ने 16.3 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली। इस टीम के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 13 बाउंड्री के साथ नाबाद 80 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर 35 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 66 रन की पारी खेली।

Created On :   17 April 2026 1:35 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story