IND-W vs SA-W: जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, महिला टी20 वर्ल्ड कप में आज साउथ अफ्रीका से मुकाबला

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच भिड़ंत होगी। टीम इंडिया इस मैच को अपने नाम कर जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगी। हालांकि बीते दो मुकाबलों से इस मुकाबले में टीम के सामने मजबूत टीम होगी। भारतीय टीम इस मैच में अपनी स्टार ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल के बगैर उतरेगी, जो कि नीदरलैंड्स के खिलाफ खेले गए पिछले मैच के दौरान इंजर्ड होकर पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं। जानिए आज के मैच में दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 और पिच रिपोर्ट।
मैच स्ट्रेल्फोर्ड के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी, टॉस 6:30 बजे फेंका जाएगा। दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात करें तो भारत टूर्नामेंट में अपने दोनों मैच जीतकर आ रही है। वहीं साउथ अफ्रीका को अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार मिली थी, लेकिन पिछले मैच में उसने पाकिस्तान को हरा दिया था।
पिच रिपोर्ट
ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच की बात करें तो उसकी सतह सख्त है। यहां तेज गेंदबाजों को अच्छा खासा बाउंस मिलता है। हालांकि जैसे जैसे खेल आगे बढ़ता है पिच बैटिंग के अनुकुल होने लगती है। शुरूआती ओवरों में पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी, गेंद सीम करेगी जिससे बल्लेबाजों के लिए मुश्किल पैदा होंगी।
हेड टु हेड में किसका पलड़ा भारी?
दोनों टीमों के बीच अभी तक 24 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 11 जबकि साउथ अफ्रीका ने 10 जीते हैं। 3 मैच बेनातीजा रहे। इस तरह हेड टु हेड में भारत का पलड़ा भारी है।
यह भी पढ़े -दूसरा टेस्ट मैट हेनरी ने चटकाए कुल 11 विकेट, न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को हराया, सीरीज में बराबरी
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत - स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, यास्तिका भाटिया, राधा यादव, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।
साउथ अफ्रीका - लौरा वोलवार्ड (कप्तान), सुने लूस, एनेरी डर्कसेन, मारिजन कप्प, नदीन डी क्लर्क, क्लो ट्राईऑन, कायला रयनेके, सिनोला जाफ्टा (विकेटकीपर), शबनम इस्माइल, आयाबांगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा।
Created On :   21 Jun 2026 6:55 PM IST












