IPL 2026: बेंगलुरु ने लगाया जीत का पंजा, गुजरात को 5 विकेट से दी मात, कोहली ने खेली 81 रन की पारी

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से रौंद दिया। यह आईपीएल में बेंगलुरु की 5वीं जीत है। इसके साथ ही वह 10 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर आ गई है। बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की करने का फैसला किया।
गुजरात ने 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। 206 रन के टारगेट को बेंगलुरु ने 18.5 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया।
विराट कोहली ने खेली तूफानी पारी
मैच में विराट कोहली ने शानदार बैटिंग की। उन्होंने केवल 30 गेंदों पर आईपीएल की अपनी 66वीं फिफ्टी लगाई। मैच में विराट ने 44 गेंदों पर 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली। उनके अलावा देवदत्त पाडिकल ने 27 गेंदों पर 55 रन की तूफानी पारी खेली। आखिरी ओवरों में क्रुणाल पांड्या ने 12 गेंदों पर 23 रन बनाए। गुजरात की ओर से राशिद खान ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और मानव सुधार को 1-1 विकेट मिले। विराट कोहली को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गुजरात की ओर से साई सुदर्शन ने लगाया शतक
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी रही। टीम के ओपनर साईं सुदर्शन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 12.4 ओवर में 128 रन जोड़े। गिल के रूप में टीम को पहला झटका लगा, वह 24 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जोस बटलर ने क्रीज पर आकर तेज रन बनाने की कोशिश की, लेकिन वह 25 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, दूसरी तरफ साईं सुदर्शन ने रन बनाना जारी रखा। वह 58 गेंदों पर 11 चौके और 5 छक्के की मदद से 100 रन बनाकर आउट हुए। यह उनका आईपीएल का तीसरा शतक है। आखिरी ओवर में जेसन होल्डर ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ तेज बल्लेबाजी कर टीम के स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा ने 1-1 विकेट झटका।
Created On :   24 April 2026 11:44 PM IST











