Virat Kohli: गुजरात के खिलाफ जीत के बाद विराट कोहली का बड़ा बयान, इस खिलाड़ी को बताया 'गेम चेंजर'

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। आईपीएल 2026 में बेंगलुरु को गुजरात के खिलाफ शानदार जीत मिली। टीम को जिताने में सबसे बड़ी भूमिका विराट कोहली की रही। उन्होंने मैच में 44 गेंदों पर 81 रन बनाकर बेंगलुरु को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। विराट को उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए विराट ने टीम की जीत का क्रेडिट टीम वर्क और कंडीशन को बेहतर ढंग से समझने को दिया।
इस खिलाड़ी को बताया गेम चेंजर
विराट कोहली ने मैच में अपने साथ 115 रन की साझेदारी करने वाले देवदत्त पडिक्कल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'हमें शुरुआत में परिस्थितियों का आकलन करना था। हम लक्ष्य से सिर्फ एक साझेदारी दूर थे। पडिक्कल ने इस सीजन में दो बार ऐसा किया है और ईमानदारी से कहूँ तो यह काफी दुर्लभ है। उनकी पारी मैच में स्पष्ट अंतर पैदा करने वाली थी। वह साझेदारी वास्तव में गेम चेंजर साबित हुई।'
यह भी पढ़े -'वो कैच नहीं मैच छोड़ा था..', RCB के खिलाफ जीत जाती GT, वाशिंगटन की एक गलती टीम को पड़ गई भारी
चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलना सुखद
वहीं, होम ग्राउंड चिन्नास्वामी का जिक्र करते हुए वह इमोशनल हो गए। उन्होंने कहा, 'यहाँ खेलना हमेशा सुखद होता है, यह क्रिकेट खेलने के लिए एक खास जगह है। घर पर खेलना और चार मैच जीतना शानदार रहा है। यह हमारे लिए एक बेहतरीन शुरुआत है।'
ऑरेंज कैप पर जमाया कब्जा
बता दें कि मैच में 81 रन की पारी खेलने के बाद विराट कोहली ने दोबारा ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया है। उनके अब इस सीजन में 328 रन हो गए हैं। अपनी पारी का 76वां रन बनाते ही उन्होंने अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया, जो इससे पहले ऑरेंज कैप होल्डर थे।
मैच की बात करें तो बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। गुजरात ने पहले बैटिंग करते हुए साई सुदर्शन के शतक की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। 206 रन के टारगेट को बेंगलुरु ने 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
Created On :   25 April 2026 2:33 AM IST












