IND Vs ENG Match Preview: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 आज, क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा इंटरनेशनल डेब्यू का मौका?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज खेला जाएगा। चेस्टर ली स्ट्रीट में यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10 बजे से शुरू होगा। टॉस 9.30 फेंका जाएगा। मैच पर बारिश का साया भी मंडरा रहा है। यहां करीब 80 फीसदी बारिश होने की संभावना है।
क्या वैभव का होगा डेब्यू?
आयरलैंड सीरीज की तरह ही इस सीरीज के शुरू होने से पहले भी युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर चर्चा हो रही है। हालांकि उनका आज के मुकाबले में डेब्यू होगा, इस पर संशय बना हुआ है। टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर से प्री मैच कॉन्फ्रेंस में वैभव के खेलने को लेकर पूछा गया, जिस पर उन्होंने कहा, 'अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। टीम संयोजन पूरी तरह निजी मामला है और हम अपनी रणनीति विरोधी टीम के सामने नहीं रख सकते। सूर्यवंशी बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। जब भी उन्हें मौका मिलेगा, मुझे पूरा भरोसा है कि वे शानदार प्रदर्शन करेंगे।'
हेड टु हेड में कौन आगे?
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें से 18 टीम इंडिया ने जबकि 12 इंग्लैंड ने जीते हैं। भारतीय टीम ने 5 सीरीज जीती हैं, जबकि इंग्लैंड ने 3 सीरीज अपने नाम की हैं। एक सीरीज ड्रॉ रही। भारत ने पिछली पांच सीरीज लगातार जीती।
पिच रिपोर्ट
चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड स्टेडियम की पिच बैलेंस्ड मानी जाती है। यहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों, दोनों को मदद मिलती है। यहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, वहीं तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है। नई गेंद स्विंग होती है, जिसका तेज गेंदबाज फायदा उठा सकते हैं।
यहां अब तक 5 टी-20 मैच खेले गए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 3 और चेज करने वाली टीम ने 2 मैच जीते हैं। भारतीय टीम यहां पहली बार खेलेगी।
यह भी पढ़े -वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान, मैथ्यू फिशर को पहली बार मौका
भारत की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत - संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सुर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड ने इस मैच के लिए पहले ही अपने प्लेइंग-11 घोषित कर दी है।
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, लियम डॉसन, ल्यूक वुड, साकिब महमूद और आदिल रशीद।
Created On :   1 July 2026 5:43 PM IST








